ताज़ा ख़बर

मणिपुर में भड़की हिंसा: अंतिम चरण के मतदान के बीच भाजपा समर्थक की गोली मारकर हत्या, कांग्रेस कार्यकर्ता पर आरोप

इंफाल। मणिपुर में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए शनिवार को छह जिलों की 22 सीटों के लिए मतदान जारी है। बताया जा रहा है कि मतदान शुरू होने के कुछ घंटों बाद ही राज्य में हिंसा भी भड़क उठी। खबर के मुताबिक भाजपा के एक समर्थक की कथित तौर पर कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने गोली मारकर हत्या कर दी।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि 25 वर्षीय एल. अमुबा सिह को गोली लगने के बाद शनिवार तड़के यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी के मुताबिक अमुबा सिंह, भाजपा के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ थौबल जिले में तड़के कांग्रेस कार्यकर्ता के आवास पर गए थे ताकि उन्हें प्रचार बंद करने के लिए कहा जा सके क्योंकि इसके लिए निर्धारित समय समाप्त हो गया था।

जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया और कांग्रेस कार्यकर्ता ने सिह पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल भाजपा कार्यकर्ता सिंह को पहले जिले के एक अस्पताल में ले जाया गया और बाद में उन्हें इंफाल में एक अन्य स्वास्थ्य केन्द्र के लिए रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एक अन्य घटना में मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने भाजपा से निष्कासित नेता सी. बिजॉय के आवास पर देसी बम फेंका। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान शुरू होने से कुछ घंटे पहले शुक्रवार रात की है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि दोपहिया वाहन पर आए दो नकाबपोश बदमाशों द्वारा किए गए विस्फोट में कोई घायल नहीं हुआ है। भाजपा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पिछले महीने बिजॉय को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। बिजॉय ने संवाददाताओं से कहा, मुझे राजनीतिक रूप से चुप कराने के लिए यह हमला मेरे लिए एक चेतावनी हो सकती है। पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button