यूपी एमएलसी चुनाव: पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र में भाजपा की बड़ी हार, पार्टी प्रत्याशी को मिले सिर्फ 103 वोट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को विधानपरिषद चुनाव 2022 के नतीजे आना शुरू हो गए है। कई सीटों पर जीते हुए उम्मीदवार की घोषणा भी हो चुकी है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र वाराणसी भी शामिल है। यहां पर भाजपा और खासकर प्रधानमंत्री को बड़ा झटका लगा है। यहां पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। वाराणसी में भाजपा के प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे। इस सीट से बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह ने जीत हासिल की है।
अन्नपूर्णा सिंह को 2058 वोट मिले हैं, जबकि सपा प्रत्याशी उमेश यादव 171 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. सुदामा पटेल 103 वोटों के साथ तीसर नंबर पर हैं। 68 वोट निरस्त किए गए हैं। वाराणसी से भाजपा उम्मीदवार सुदामा पटेल को पहले से ही हार की आशंका थी। बता दें कि वाराणसी में एमएलसी सीट पर बृजेश सिंह का दबदबा रहा है। लगभग दो दशक से बृजेश सिंह के परिवार का कब्जा है।
आजमगढ़ में भी बीजेपी को मुंह की खानी पड़ी
इसके अलावा आजमगढ़ में भी बीजेपी को करारी हार का सामना करना पड़ा है। यहां बीजेपी के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु जीते हैं। यहां बीजेपी ने सपा विधायक रमाकांत यादव के बेटे अरुणकांत पर दांव लगाया था। बता दें कि विक्रांत सिंह रिशु के पिता यशवंत सिंह बीजेपी एमएलसी रहे हैं। बीजेपी यशवंत सिंह को पहले ही छह साल के लिए पार्टी से निकाल चुकी है। यहां सपा उम्मीदवार को 356 वोट, भाजपा उम्मीदवार को 1262, वहीं निर्दलीय विक्रांत सिहं रिशु 4075 वोट मिले। इसके अलावा देवरिया-कुशीनगर सीट से सपा प्रत्याशी डॉक्टर कफील खान को भी हार का सामना करना पड़ा है।