पंजाब की नई कैबिनेट तैयार: मान ने 1 महिला महिला समेत 10 को दिलाई मंत्री पद की शपथ, जानें क्या है उनकी योग्यता
चंडीगढ़। पंजाब चुनाव में प्रचंड जीत के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के भगवंत मान ने 16 मार्च को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अब उसके दो दिन बाद आज शनिवार को उनकी कैबिनेट को भी मूर्तरूप दे दिया है और 10 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने सभी को शपथ दिलायी। शपथ लेने वालों में सबसे पहले दिड़बा विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार विधायक बने हरपाल सिंह चीमा ने शपथ ली। वह इससे पहले विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता रहे हैं।
चीमा के अलावा मंत्रिपद की शपथ लेने वालों में हरभजन सिंह इतो, लाल सिंह कटरौचक, विजय सिंघला, गुरमीत सिंह मीत हायर, कुलदीप सिंह धालीवाल, ब्रम्हंकर, लालजीत सिंह भुल्लर और हरजोत सिंह बैन्स शामिल हैं। बैन्स मान कैबिनेट के सबसे युवा सदस्य हैं। कैबिनेट में एक मात्र महिला बलजीत कौर हैं। शपथ ग्रहण करने के बाद हरपाल चीमा ने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान का आभार जताते हुए कहा कि मैं पंजाब के लोगों की सेवा करने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करूंगा।
बलजीत कौर
बलजीत कौर मान कैबिनेट की अकेली महिला हैं। वह एससी समाज से आती हैं। वह आंखों की डॉक्टर हैं। बलजीत कौर भी मालवा क्षेत्र से आती हैं। इनकी उम्र 46 साल की है। मलोट विधानसभा सीट से वह पहली बार चुनकर विधानसभा पहुंची हैं।
हरभजन सिंह ईटीओ
अमृतसर की जंडियाला सीट से हरभजन सिंह ईटीओ विधायक चुने गए हैं। वह पहले पीसीएस अफसर हुआ करते थे। नौकरी छोड़कर वह राजनीति में आ गए। 2017 में वह चुनाव हार गए थे। वह माझा क्षेत्र से आते हैं और 53 साल के हैं।
विजय सिंघला
विजय सिंघला मानसा से विधायक बने हैं. उन्होंने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को हराया है। वह पेशे से दांतों के डॉक्टर हैं। उन्होंने मूसेवाला को 63 हजार वोटों से हराया। वह मालवा क्षेत्र से आते हैं और 52 साल के हैं। वह पहली बार विधायक बने हैं।
लालचंद कटारुचक
कटारुचक भोआ सीट से विधायक बने हैं। उन्होंने कांग्रेस के जोगिंदर पाल को हराया है। वह केवल 10वीं पास हैं। वह माझा क्षेत्र से आते हैं। कहा जाता है कि ग्रामीण इलाकों पर इनकी अच्छी पकड़ है। वह 51 साल के हैं।
गुरमीत सिंह मीत हेयर
गुरमीत सिंह मीत दूसरी बार विधायक बने हैं. वह केवल 32 साल के हैं। वह बरनाला सीट से जीतकर आए हैं। वह एक इंजिनियर हैं। वह पंजाब में आम आदमी पार्टी के यूथ विंग के अध्यक्ष हैं। 2011 में वह अन्ना आंदोलन से जुड़े थे।
लालजीत भुल्लर
लालजीत भुल्लर ने पट्टी सीट से आदेश प्रताप सिंह कैरों को मात दी थी। ं। वह 12वीं पास हैं। कैरों, पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के दामाद हैं। पट्टी की अनाज मंडी में आढ़त का काम करने वाले लालजीत सिंह भुल्लर किसी समय कैरों के करीबी हुआ करते थे। वह पहली बार विधायक चुने गए हैं। भुल्लर 40 साल के हैं। वह माझा क्षेत्र से आते हैं।
ब्रम्हंकर जिम्पा
जिम्पा पहले कांग्रेस में थे। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व मंत्री को हराया है। वह 56 साल के हैं। 19 अप्रैल 2021 को वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। वह होशियारपुर से विधायक बने हैं। वह द्वाबा क्षेत्र से आते हैं। वह 12वीं पास हैं।
हरजोत बैन्स
हरजोत बैन्स मान कैबिनेट के सबसे युवा मंत्री हैं। वह 31 साल के हैं। रूपमनगर जिले के आनंदपुर साहिब सीटकर जीतकर आए हैं। वह पिछली बार आम आदमी पार्टी के ही टिकट पर चुनाव हार गए थे। वह एक वकील हैं।
कुलदीप सिंह धालीवाल
अजनाला सीट से विधायक बने कुलदीप सिंह धालीवाल सात साल पहले आम आदमी पार्टी से जुड़े थे। वे बागवानी करते हैं। कुलदीप सिंह धालीवाल के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज है। धालीवाल अपने गांव में हाशिम शाह का मेला आयोजित करवाते रहे हैं जिसमें पंजाब के कलाकार हिस्सा लेते थे।
आज ही होगी मान कैबिनेट की पहली बैठक?
आज दोपहर में ही मान कैबिनेट की पहली बैठक भी हो सकती है। सभी मंत्री आज से ही अपना पदभार संभालकर काम शुरू कर देंगे। बता दें कि 117 विधानसभा सीटों वाले राज्य में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीती हैं।