ताज़ा ख़बर

देश में कोरोना की तेज रफ्तार: एक दिन में 62 हजार से अधिक नए मामले, केजरीवाल का लॉकडाउन से इनकार

नई दिल्ली। देश में तेज रफ्तार से चल रही वैक्सीनेशन ड्राइव के बाद भी कोरोना वायरस पर ब्रेक नहीं लग रहा है। भारत में लगातार दूसरे दिन आज (रविवार) 62 हजार से अधिक पॉजिटिव केस सामने आए हैं। महाराष्ट्र राज्य में संक्रमण की रफ्तार बेकाबू है तो वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोरोना मरीजों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। कोरोना के कहर को देखते हुए होली के मौके पर महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक नई गाइडलाइंस जारी की गई है। महाराष्ट्र में जहां आज से नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है, वहीं दिल्ली में शादी समारोह के लिए गेस्ट की संख्या तय कर दी गई है। हालांकि, केजरीवाल सरकार ने फिलहाल दिल्ली में लॉकडाउन से साफ इनकार किया है।

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना से गई 312 लोगों की गई जान
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 62,714 नए केस सामने आए हैं। जबकि 312 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। वहीं 28,739 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा रविवार सुबह 8 बजे तक का जारी कोरोना के आंकड़ें।




औरंगाबाद में 30 मार्च से 8 अप्रैल तक लॉकडाउन
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में लॉकडाउन लागू है, जिसे बढ़ाकर अब 15 अप्रैल तक कर दिया गया है। रात 8 बजे से लेकर सुबह 7 बजे तक 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी है। वहीं, औरंगाबाद में 30 मार्च से 8 अप्रैल तक सख्त लॉकडाउन की घोषणा की गई है।

भारत में 5.94 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण
भारत में कोविड-19 टीके की अब तक कुल 5,94,92,824 खुराक दी जा चुकी हैं। इनमें से 13.83 लाख खुराक शनिवार को दी गईं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 81,26,776 स्वास्थ्यकर्मियों को टीके की पहली जबकि 51,62,679 को दूसरी खुराक दी गई है।

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र में कोरोना हुआ बेकाबू: सरकार ने 15 अप्रैल तक बढ़ाया प्रतिबंध

दिल्ली में बढ़ी पाबंदी
महाराष्ट्र ही नहीं दिल्ली में भी कोरोना ने बेचैनी बढ़ा दी है। दिल्ली में लगातार तीसरे दिन शनिवार को 1500 से ज्यादा कोरोना के नए केस सामने आए हैं। कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए दिल्ली में नई गाइडलाइंस जारी की गई है। दिल्ली में खुली जगह में होने वाले शादी समारोह में 200 से ज्यादा गेस्ट की इजाजत नहीं है। जबकि बंद जगह में होने वाले शादी समारोह के लिए अधिकतम संख्या 100 की गई है। वहीं, अंतिम संस्कार में 50 लोगों को ही शामिल होने की इजाजत है। दिल्ली में यह आदेश 30 अप्रैल तक लागू रहेंगे।

मध्य प्रदेश: भोपाल में 20 कंटेनमेंट जोन
मध्य प्रदेश में लगातार बढ़ते कोरोना के ग्राफ ने एक बार फिर से कंटेनमेंट जोन की वापसी करवा दी है। शनिवार को भोपाल जिला प्रशासन ने शहर के 20 इलाकों और घरों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। शनिवार शाम को जारी आदेश के मुताबिक जिन 20 घरों और इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है वहां पर रहने वाले लोगों को होम क्वारंटाइन रहना होगा।

12 शहरों में हर रविवार को लॉकडाउन
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रतलाम, खरगोन, छिंदवाड़ा, बैतूल, विदिशा, उज्जैन, ग्वालियर, नरसिंहपुर और सौंसर में हर रविवार टोटल लॉकडाउन रहेगा। बता दें कि शनिवार को मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना के 2,142 नए मामले आए सामने आए जबकि 10 लोगों की मौत हो गई है। प्रदेश में अभी कोरोना के 12 हजार 995 एक्टिव केस हैं। तो वहीं पॉजिटिविटी रेट 8% तक पहुंच गया है।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button