प्रमुख खबरें

सेवानिवृत्त हुए नरवड़े: जनरल मनोज पांडे बने थलसेना के नए प्रमुख, सामने हैं कई बड़ी चुनौतियां

नयी दिल्ली। थल सेना प्रमुख एमएम नरवणे के सेवानिवृत्त होने के बाद जनरल मनोज पांडे को थलसेना का नया प्रमुख बनाया गया है। इसके साथ ही उन्होंने 29वें थलेसना प्रमुख के तौर पर पदभार संभाल लिया। इससे पहले मनोज पांडे उप थलसेना प्रमुख के पद पर सेवाएं दे रहे थे। जनरल पांडे बल की इंजीनियर कोर से सेना प्रमुख बनने वाले पहले अधिकारी बन गए हैं।

जनरल पांडे ने ऐसे समय में थल सेना की कमान संभाली है, जब भारत चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर चुनौती सहित असंख्य सुरक्षा चुनौतियों का सामना कर रहा है। सेना प्रमुख के रूप में, उन्हें थिएटर कमांड को तैयार करने की सरकार की योजना पर नौसेना और वायु सेना के साथ समन्वय करना होगा।





अंडमान निकोबार कमान के प्रमुख के तौर पर भी कर चुके हैं काम
भारत के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत थिएटर कमांड तैयार करने पर काम कर रहे थे, जिनका पिछले साल दिसंबर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया। सरकार ने अभी नया प्रमुख रक्षा अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया है। लेफ्टिनेंट जनरल पांडे अपने करियर के दौरान अंडमान निकोबार कमान के प्रमुख के तौर पर भी काम कर चुके हैं। अंडमान निकोबार कमान भारत में तीनों सेनाओं की एकमात्र कमान है।

कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं पांडे
पांडे राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र हैं और उन्हें दिसंबर 1982 में कोर आॅफ इंजीनियर्स (द बॉम्बे सैपर्स) में शामिल किया गया था। उन्होंने अपने बेहतरीन करियर में कई अहम पदों पर काम किया और विभिन्न इलाकों में आतंकवाद रोधी अभियानों में भाग लिया। उन्होंने जम्मू कश्मीर में आॅपरेशन पराक्रम के दौरान नियंत्रण रेखा के पास एक इंजीनियर रेजिमेंट की कमान संभाली। इसके अलावा उन्होंने पश्चिमी लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में एक पर्वतीय डिवीजन और पूर्वोत्तर में एक कोर की भी कमान संभाली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button