मध्यप्रदेश

जबलपुर का मामला: अस्पताल में लगी ऐसी भीषण आग की 8 जल गए जिंदा, और बढ़ सकता है आंकड़ा

जबलपुर। जबलपुर में एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भीषण आग गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मरीजों के अलावा हॉस्पिटल का स्टाफ और एक अटेंडेंट शामिल है। सूत्रों के अनुसार इस आग में कई मरीज जिंदा ही जल गए हैं, जबकि करीब आधा दर्जन से ज्यादा लोग झुलस भी गए हैं। अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और स्टाफ को बाहर निकाल गया। फिलहाल दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया गया है। बताया जा रहा है कि आग लगने से अस्पताल में अफरातफरी का माहौल काफी देर तक बना रहा।

जानकारी के मुताबिक चंडाल भाटा क्षेत्र में न्यू लाइफ मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में यह भीषण आग दोपहर करीब पौने तीन बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पूरी बिल्डिंग जलकर खाक हो गई है। फौरन मौके पर फायर बिग्रेड की टीम पहुंची और रेस्क्यू का काम शुरू हुआ। आग की लपटों में फंसे अस्पताल के अंदर के लोगों को निकाला गया। पुलिस के मुताबिक जिस वक्त आग लगी, उस वक्त हॉस्पिटल में कई स्टाफ और मरीज मौजूद थे। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि मौतों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।

वहीं मौके पर पहुंचे कलेक्टर इलैया राजा ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। इनमें तीन अस्पताल के कर्मचारी शामिल है। उन्होंने बताया कि 2021 में ही अस्पताल का रजिस्ट्रेशन किया गया था। किसकी चूक हुई और क्या गलती हुई, इसकी जांच की जा रही है। इसके लिए समिति बना दी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने घटना पर दुख जताया है। मध्यप्रदेश सरकार ने मरने वालों के परिवारों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

वोल्टेज में फ्लक्चुएशन से जनरेटर में लगी आग
प्राथमिक जांच में कहा जा रहा है कि वोल्टेज में फ्लक्चुएशन हो रहा था। इसकी वजह से जनरेटर से आग भड़की और उसने पूरी इमारत को अपने आगोश में ले लिया। फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। आग की लपटें इतनी भीषण थी कि लोगों को भागने का मौका भी नहीं मिला और वह जिंदा जल गए। हादसे के वक्त अस्पताल में कितने मरीज भर्ती थे और कितने परिजन थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि अस्पताल में करीब 52 लोगों का स्टाफ है और मरने वालों में दो नर्स भी शामिल हैं।

हादसे पर दुख जता शिवराज ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जबलपुर के न्यू लाइफ अस्पताल में आग से हुई दुर्घटना में अमूल्य जिंदगियों के असमय निधन के समाचार से हृदय दु:ख से भरा हुआ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। दु:ख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवार स्वयं को अकेला न समझें,मैं और संपूर्ण मध्यप्रदेश परिवार के साथ है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।

कमलनाथ ने भी जताया दुख
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि जबलपुर के एक निजी अस्पताल में आग लगने से कई लोगों की मृत्यु होने और बहुत से लोगों के हताहत होने का समाचार प्राप्त हुआ। यह अत्यंत पीड़ादायक घटना है। मैं मृतकों की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। अग्निकांड में झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button