मध्यप्रदेश

MP में महापौर का महासंग्राम: BJP का विजय रथ नहीं रोक पाई कांग्रेस, AAP ने भी चौंकाया

भोपाल। मध्यप्रदेश नगरीय निकाय चुनाव के रिजल्ट का इंतजार अब खत्म हो गया है। इसके साथ ही ईवीएम में बंद प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला भी होने लगा है। पहले चरण में 11 नगर निगमों में हुए चुनाव में अब तक 7 नगर निगमों के रिजल्ट घोषित हो चुके हैं, जिसमें 5 निगमें बुरहानपुर, सतना, खंडवा, उज्जैन और सागर में भाजपा के महापौर प्रत्याशियों ने जीत दर्ज कर ली है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में बड़ी बढ़त बनाए हुए है।

वहीं जबलपुर और छिंदवाड़ा में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशियों की जीत हुई है जबकि ग्वालियर में निर्णायक बढ़त बनाए हुए है। सबसे चौंकाने वाला नजीता सिंगरौली का रहा है यहां पर आप के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। यहां पर आप ने भाजपा के उम्मीदवार को हराया है। बता दें कि आज 44 जिलों के 133 नगरीय निकायों में मतगणना हो रही है। इसमें 11 नगर निगम, 36 नगर पालिका और 86 नगर परिषद शामिल हैं।

51 हजार से अधिक मतों से मालती राय
राजधानी भोपाल में महापौर पद के लिए कांग्रेस और बीजेपी में घमासान जारी है। 7वें राउंड की मतगणना के बाद बीजेपी की महापौर प्रत्याशी मालती राय लगभग 51,474 मतों से आगे चल रही है। भोपाल में अब तक 16 वार्डो का रिजल्ट आया है जिसमें 9 वार्ड में बीजेपी और 6 वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी जीते हैं।

नीमच नगर पालिका में बीजेपी का कब्जा
नीमच नगर पालिका में बीजेपी ने लहराया परचम। 40 वार्डो में से भाजपा के खाते में आए 23 वार्ड। 14 वार्डो में जीती कांग्रेस। 3 वार्डो में निर्दलीय उम्मीदवारों ने मारी बाजी। अध्यक्ष की सीट पर काबिज होगा भाजपा का उम्मीदवार।

27 नगर पालिकाओं में बीजेपी की जीत
रुझानों में पहले चरण की 36 नगर पालिकाओं में 27 पर भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल सकता है। कांग्रेस 8 नगर पालिकाओं में जीत हासिल कर सकती है। बालाघाट जिले की वारासिवनी में निर्दलीय उम्मीदवारों का कब्जा दिख रहा है।

सीहोर नगर पालिका में जीत पर बोले सीएम शिवराज
सीहोर नगर पालिका में जीत पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ”सीहोर नगर पालिका में बीजेपी को मिली शानदार सफलता के लिए सभी भाई-बहनों और साथी कार्यकतार्ओं का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। हमने आपको विकास और जनकल्याण के लिए जो वचन दिया है, उसे अक्षरश: निभाने के लिए कटिबद्ध हैं। #हर_नगर_भाजपा”

सिंगरौली में 9159 वोटों से जीतीं आप प्रत्याशी
खास बात यह है मध्य प्रदेश नगर निकाय चुनाव में वैसे तो मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच देखा जा रहा था लेकिन अब तीसरे खिलाड़ी के तौर पर आम आदमी पार्टी ने मजबूत एंट्री मारी है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में नगर निगम के महापौर की सीट पर आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल ने कब्जा कर लिया है। सिंगरौली नगर निगम महापौर चुनाव में आप उम्मीदवार रानी अग्रवाल ने 9159 वोटों से जीत हासिल की है। उन्हें कुल 34038 वोट मिले हैं। वहीं दूसरे नंबर पर भाजपा के चन्द्र प्रताप विश्वकर्मा रहे, जिन्हें 24879 वोट मिले।

रीवा में चुनाव हारने पर कांग्रेस प्रत्याशी की मौत
रीवा जिले की हनुमना नगर परिषद में पार्षद पद का चुनाव हारने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी हरिनारायण गुप्ता की हार्टअटैक से मौत हो गई। 40 वर्षीय के हरिनारायण वार्ड नंबर 9 से चुनाव लड़े थे, लेकिन निर्दलीय प्रत्याशी अखिलेश गुप्ता से 14 वोटों से हार गए। जिसका सदमा वे बर्दाश्त नहीं कर पाए। बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें हनुमना मंडलम अध्यक्ष भी बनाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button