कोरोना के नई लहर की आहट! 24 घंटे में मिले 2527 नए संक्रमित मरीज, 33 मरीजों की गई जान
नई दिल्ली देश में बीते एक सप्ताह से कोरोना महामारी की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है। अगर यह रफ्तार जारी रही तो एक नई लहर की चपेट में देश फिर आ सकता है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को बीते 24 घंटे में 2527 नए केस सामने आए हैं। वहीं, इस दौर 1656 लोगों ने इस महामारी को मात दे दी। इस दौरान 33 लोगों की मौत भी हुई।
देश में सक्रिय मरीज की संख्या भी बढ़कर 15,079 हो गई जो कि चिंता का विषय है। वहीं, राहत देने वाली बात यह है कि रिकवरी रेट 98.75 प्रतिशत के करीब है। महामारी की शुरूआत से लेकर अब तक कुल 5,22,149 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस दौरान कुल 4,25,17,724 लोग स्वस्थ भी हुए। बता दें इससे पहले कल शुक्रवार को स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों में बीते 24 घंटे में 2451 नए संक्रमित मिले थे और 54 लोगों की मौत हो गई थी। आज के आंकड़े को देखा जाए तो इसमें 76 संक्रमितों की वृद्धि हुई है।
कुल मामले: 4,30,54,952
सक्रिय मामले: 15,079
कुल रिकवरी: 4,25,17,724
कुल मौतें: 5,22,149
कुल वैक्सीनेशन: 1,87,46,72,536′
कल की तुलना में आज 76 मरीज अधिक मिले
दिल्ली में सबसे अधिक मामले
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले सबसे अधिक बढ़ रहे हैं। बीते एक दिन में संक्रमण के 1,042 नये मामले सामने आए। साथ ही महामारी से एक दिन में दो लोगों की मौत भी गई है। दिल्ली में संक्रमण दर 4.64 प्रतिशत है।
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में 121 मामले
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में कोरोना के 121 नए मामले सामने आए हैं और एक भी मौत नहीं हुई है। वहीं मुंबई की बात करें तो यहां बीते 24 घंटों में कोरोना के 68 नए मामले मिले हैं। बता दें कि शुक्रवार के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में बीते 24 घंटों में 179 मामले सामने आए थे।