मध्यप्रदेश

नरोत्तम का वार: कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग के साथ किया पाप, महाराष्ट्र पार्टी का उजागर हुआ असली चेहरा

भोपाल। ओबीसी आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले पर मध्यप्रदेश की सियासत गरमाई हुई है। जहां एक ओर कांग्रेस पंचायत चुनाव बिना ओबीसी आरक्षण कराने को लेकर भाजपा पर दोष मढ़ रही है। वहीं भाजपा इस मामले कांग्रेस को जिम्मेदार ठहरा रही है। इस बीच नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी के साथ जो पाप किया है उसे पिछड़ा वर्ग कभी माफ नही करेगा। इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने हमेशा से ही आदिवासी व पिछड़ा वर्ग के साथ विश्वासघात किया है। गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग के साथ साजिश की , छल किया , अन्याय किया है। विपक्ष आरक्षण को लेकर अदालत चला गया और मामला उलझा दिया।

विपक्षी कांग्रेस का असली चेहरा देखना है तो महाराष्ट्र में देखिए कि किस प्रकार महाराष्ट्र में सत्ता में होने के बाद भी सही रिपोर्ट अदालत में नही पेश की और पिछड़े वर्ग को आरक्षण से वंचित करा दिया। प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि सबसे पहले यह देखे की सुप्रीम कोर्ट ने ओबीसी आरक्षण को लेकर जो फैसला दिया उसकी जिम्मेदार कांग्रेस ही है। कांग्रेस अगर इस मामले को लेकर अदालत नही जाती तो यह सब होता ही नही।

भाजपा ओबीसी आरक्षण के साथ करा रही चुनाव
हम तो ओबीसी आरक्षण के साथ ही चुनाव करा रहे थे और कार्यवाही भी शुरू कर दी थी। हमेशा ओबीसी वर्ग के खिलाफ रही कांग्रेस अदालत चली गयी।अदालत में कांग्रेस ने इस मामले को इतना कानूनी प्रक्रियाओं में उलझा दिया कि पिछड़े वर्ग को आरक्षण से ही बाहर कर दिया। मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि अगर चुनाव या आरक्षण को लेकर कही हम गलत थे तो कांग्रेस जनता की अदालत में जाती, चुनाव लड़ती। जनता फैसला कर देती कि कौन सही था ? कौन गलत? लेकिन कांग्रेस चुनाव से भाग कर अदालत पहुँच गयी।

कांग्रेस आंसू बहाकर सरकार को ठहरा रही दोषी
गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस झूठे आंसू बहाकर इसके लिए बीजेपी और शिवराज सरकार को दोषी बताते हुए आरोप लगा रही है। सच यही है कि बीजेपी से बड़ा हितैषी ओबीसी का कोई राजनैतिक दल नही है। बीजेपी ने तीन-तीन मुख्यमंत्री इस ओबीसी वर्ग से दिए है। उमा श्री भारती , स्व. बाबू लाल गौर व वर्तमान में सीएम शिवराज सिंह चौहान इसी वर्ग से आते है। वर्तमान प्रधानमंत्री मोदी जी भी इसी वर्ग के है। भाजपा की ओर से विक्रम वर्मा नेता प्रतिपक्ष रह चुके है वह भी इसी वर्ग आते है।

कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग के नेता को आज तक नहीं बनने दिया सीएम
वहीं यह कांग्रेस जो आज ओबीसी के नाम पर झूठे आंसू बहा रही है उसने आज तक न तो पिछड़े वर्ग के किसी नेता को सीएम बनने दिया और न ही नेता प्रतिपक्ष बनाया। जिन्होंने भी आगे बढ़ने का प्रयास किया उन्हें हाशिये पर जरूर डाल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा पिछड़े वर्ग के साथ अन्याय किया है। स्व. सुभाष यादव जी जब सीएम बनने वाले थे तो उन्हें साजिश रच कर नही बनने दिया। उनके पुत्र व वरिष्ठ नेता अरुण यादव को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया। उन्हें लोक सभा निर्वाचन का टिकट तक नहीं दिया। कमलनाथ जी इन्ही अरुण यादव को हटा कर प्रदेश अध्यक्ष बन गए। यह सब उदाहरण बताते है कि पिछड़े वर्ग के किसी भी नेता को कांग्रेस में बढ़ने नही दिया गया।

गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पिछड़े वर्ग के खिलाफ जो शुरू से साजिश रची यह वर्ग भी अच्छे से जानता है। यह जो वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष है इन्ही ने विधानसभा में जानकारी दी थी कि पिछडो की आबादी के अनुसार उन्हें 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए यही जानकारी अदालत में भी दी गई।नतीजा यह हुआ कि गलत जानकारी के कारण अदालत से 27%आरक्षण पर स्टे मिल गया। अदालत में भी इस मामले में तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने कितनी लापरवाही की यह किसी से छिपी नही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button