ताज़ा ख़बर

कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव: आज से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया, मुकाबला होगा थरूर V/S गहलोत

नई दिल्ली। पूरे 22 साल बाद यानि सीताराम केसरी के बाद कांग्रेस को गैर गांधी अध्यक्ष मिलेगा। इसके लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है, जो 30 सितंबर तक चलेगी। माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला पार्टी हाई कमान के कथित रूप से पहली पसंद अशोक गहलोत और पार्टी में बदलाव की मांग करने वाले तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर के बीच होगी। बता दें कि राहुल गांधी द्वारा अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद अशोक गहलोत मैदान में उतरे हैं।

गहलोत के मुताबिक, राहुल ने कहा है कि इस बार गांधी परिवार का कोई व्यक्ति अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेगा। जिसके बाद उन्होंने अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का ऐलान किया। गहलोत ने कहा कि राजस्थान के लोगों की सेवा की इच्छा रखने के उनके बयान की अलग-अलग तरीके से व्याख्या की जा रही है। पार्टी के एक व्यक्ति, एक पद के सिद्धांत पर गहलोत ने कहा कि मीडिया में ऐसी चर्चा है कि वह राजस्थान के मुख्यमंत्री का पद छोड़ना नहीं चाहते हैं।





थरूर को लेकर यह बोले गहलोत
तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर के कांग्रेस के अध्यक्ष के चुनाव लड़ने के बारे में सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि पार्टी के अन्य मित्र भी चुनाव लड़ सकते हैं। किसी के चुनाव लड़ने पर उन्हें कोई ऐतराज नहीं है। पर नतीजों के बाद हम सभी को ब्लॉक, गांव और जिला स्तर पर मजबूत बनाने के लिए साथ मिलकर काम करना चाहिए और पार्टी की विचारधारा को आधार बनाकर आगे बढ़ना है। ताकि, पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनकर उभरे।

आज से शुरू होगा नामांकन
कांग्रेस ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए अधिसूचना जारी की थी। पार्टी के चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 24 सितंबर से 30 सितंबर के बीच होगी. नामांकन पत्रों की जांच एक अक्टूबर को होगी, जबकि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर होगी। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को चुनाव होंगे। मतों की गणना और चुनाव के नतीजे 19 अक्टूबर को जारी होंगे।





1998 से गांधी परिवार
1998 से कांग्रेस अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी गांधी परिवार के पास है। वर्ष 1998 से 2017 तक लगातार 19 वर्षों तक सोनिया गांधी पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालती रहीं। वर्ष 2017 से 2019 तक राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष रहे। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार के बाद राहुल गांधी ने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद एक बार फिर सोनिया गांधी पार्टी अध्यक्ष के तौर पर कांग्रेस की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button