अन्य खबरेंप्रमुख खबरें

इंदौर ने फिर बढ़ाई टेंशन: पिछले 24 घंटे में मिले 173 नए मरीज, शहर में शुरू हुई सख्ती, आयोजनों को अनुमति नहीं

इंदौर। शहर में कोरोना के नए स्ट्रेन (यूके कोविड स्ट्रेन) के 6 मरीज मिलने के बाद टेंशन बढ़ गया है। तीन दिन में यदि संक्रमण की रफ्तार कम नहीं हुई तो नाइट कर्फ्यू लगा दिया जाएगा। इसी बीच शुक्रवार देर रात फिर से 173 नए संक्रमित सामने आए हैं। मार्च के पांच दिनों की बात करें तो शहर में 801 नए संक्रमित मिल चुके हैं। संक्रमण को देखते हुए अब शहर में एक बार फिर से सख्ती शुरू हो गई है। रोको-टोको अभियान शुरू करने के साथ ही कलेक्टर ने भीड़ वाले सभी आयोजनों की अनुमति निरस्त कर दी है।

कलेक्टर मनीष सिंह ने सभी एसडीएम को आदेश दिए कि उनके द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जारी की गई सामूहिक आयोजनों की अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी जाएं। प्रशासन ने एहतियातन रूप से यह कदम उठाया है। कोरोना के मामले लगातार 100 से अधिक आने पर प्रशासन के द्वारा सख्ती की जा रही है। सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजन की अनुमति निरस्त की गई हैं। संक्रमण के मामले कम होने के बाद मेले, सांस्कृतिक, धार्मिक आयोजन शुरू हो गए थे। ऐसे आयोजनों में संक्रमण फैलने की आशंका प्रबल होती है। इसी को देखते हुए अनुमति या निरस्त कर दी गई हैं। प्रशासन से बगैर मंजूरी लिए अब इस तरह के आयोजन नहीं हो पाएंगे। वहीं, शादी व अन्य जरूरी सामाजिक कार्यक्रम गाइड लाइन के अनुसार गार्डन या हॉल की क्षमता से आधे लोगों में करना होंगे।

टीकाकरण : 7 हजार 976 हितग्राहियों ने टीका लगवाया
सीएमएचओ डॉ. प्रवीण जडिय़ा ने बताया कि शुक्रवार को कुल 55 केंद्र बनाए गए थे। इनमें एक केंद्र पर 232 ने पहला डोज लगवाने की सुविधा दी गई थी। अन्य 54 सकेंद्रों पर दूसरा व बुजुर्गों व कोमार्बिडिटी वालों को वैक्सीन लगाए गए। इनमें 482 ने दूसरा डोज लगवाया। वहीं, 60 साल से अधिक उम्र के 5 हजार 82 बुजुर्ग वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे। 45 से 60 साल तक गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 994 लोगों ने भी टीका लगवाया।

रोको-टोको अभियान फिर से शुरू
मुख्यमंत्री के आह्वान पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रदेशभर में एक मास्क, अनेक जिंदगी अभियान के अंतर्गत रोको-टोको अभियान फिर से शुरू किया गया है। इसके तहत संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।शुक्रवार को सांसद शंकर लालवानी, संभागायुक्त व निगम प्रशासक डॉ. पवनकुमार शर्मा, कलेक्टर मनीष सिंह, निगमायुक्त प्रतिभा पाल द्वारा राजबाड़ा क्षेत्र में लोगों को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करने व अनिवार्य रूप से मास्क लगाने के संबंध में जागरूक किया गया। मास्क लगाने की शपथ दिलाई गई। लोगों से अनिवार्य रूप से मास्क लगाने की अपील करते हुए जिनके द्वारा मास्क पहना गया था, उन्हें गुलाब दिया गया। जिन्होंने मास्क नहीं पहना था, उनको मास्क दिया गया।

लगातार पांचवें दिन आंकड़ा 150 के पार
जिले में लगातार पांचवें दिन डेढ़ सौ के पार नए संक्रमित आए हैं। देर रात 173 नए पॉजिटिव मरीज मिले। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1378 हो गए हैं। ण्मा़र्च के 5 दिनों में 801 और पिछले 8 दिनों में 1220 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। जिले में अब तक 60559 संक्रमित में से 58248 ठीक होकर अपने घर लौट गए हैं। वहीं, 933 की जान जा चुकी है। देर रात 1828 टेस्ट में से 1631 की रिपोर्ट निगेटिव आई। 24 रिपीट पॉजिटिव रहे। जिले में अब तक कुल 8 लाख 43 हजार 198 टेस्ट हो चुके हैं।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button