हिजाब विवाद में कूदा आतंकी जवाहिरी: मुस्कान की तारीफ में कविता पढ़ कहा- बहन तूने मेरा दिल जीत लिया, जानें क्या है पूरा मामला

बेंगलुरु। कर्नाटक सहित भारत के अलग-अलग हिस्सों में हिजाब को लेकर हुए विवाद के बीच अब वैश्विक आतंकवादी समूह अल कायदा ने भी एंट्री कर ली है। मंगलवार को अल कायदा के नेता अयमान अल-जवाहिरी ने भारतीय मुसलमानों को इस उत्पीड़न पर प्रतिक्रिया देने के लिए प्रोत्साहित किया। जिसका उसने एक वीडियो भी जारी किया है।
अलकायदा के आधिकारिक शबाब मीडिया द्वारा जारी और खुफिया समूह द्वारा सत्यापित नौ मिनट के इस वीडियो में जवाहिरी ने कर्नाटक स्थित कॉलेज की छात्रा मुस्कान खान की प्रशंसा की। मुस्कान वह छात्रा है जिसने कर्नाटक में जय श्री राम’ के नारे लगाती भीड़ के सामने अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए थे। बता दें कि जवाहिरी ने आतंकी ओसामा बिन लादेन की जगह अल कायदा का नेतृत्व संभाला है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, अल कायदा ने भारत की महान महिला नाम के टाइटल से वीडियो शेयर किया। वीडियो में जवाहिरी उस कविता को पढ़ते दिख रहा है जो उसने मुस्कान खान की प्रशंसा की है। उसने कहा कि मुझे वीडियो और सोशल मीडिया के जरिए मुस्कान के बारे में पता चला और इस बहन ने तकबीर की आवाज उठाकर मेरा दिल जीत लिया है, इसीलिए मैं उसकी तारीफ में कविता पढ़ रहा हूं। कविता पढ़ने के बाद जवाहिरी ने हिजाब पर प्रतिबंध लगाने वाले देशों की निंदा की।
जवाहिरी ने मुस्कान की जमकर प्रशंसा की
जवाहिरी ने वीडियो में मुस्कान खान को अपनी बहन बताया। उसने उसकी तारीफ में एक कविता भी पढ़ी। जवाहिरी ने भारत में मुसलमानों के दमन का आरोप लगाते हुए मुस्लिमों को इसके खिलाफ आवाज उठाने के लिए भी उकसाया। कविता पढ़ने के बाद, जवाहिरी ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ-साथ उन देशों पर हमला किया, जिन्होंने हिजाब पर प्रतिबंध लगा दिया था। उसने इन देशों पर पश्चिम के सहयोगी होने का आरोप लगाया।
क्या है हिजाब विवाद?
बता दें कि कर्नाटक में हिजाब विवाद उस समय शुरू हुआ था, जब उडुपी के एक सरकारी स्कूल में कुछ छात्राओं को हिजाब पहनकर कक्षा में जाने पर रोक लगा दी गई थी। इसे लेकर देश के कई हिस्सों में काफी प्रदर्शन हुए थे। इसी दौरान आठ फरवरी को मांड्या में पीईएस कॉलेज के अंदर भगवा शॉल पहने लड़कों ने जयश्री राम के नारे लगाए। जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। जय श्री राम के नारे लगाती भीड़ के सामने 19 साल की मुस्कान खान ने अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए थे। इसके बाद मामला कर्नाटक हाईकोर्ट पहुंचा और हाईकोर्ट ने फैसला दिया था कि हिजाब इस्लाम धर्म का अभिन्न अंग नहीं है, इसलिए राज्य सरकार को इसे स्कूलों के अंदर यूनिफॉर्म का हिस्सा बनाने का निर्देश नहीं दिया जा सकता।
अमेरिका की मोस्ट वांटेड लिस्ट में है जवाहिरी
अल-जवाहिरी अमेरिका की आतंकवादियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। अमेरिकी सरकार ने उस पर अपने नागरिकों की हत्या करने का आरोप लगाया है। वह अमेरिका के बाहर अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश में भी शामिल रहा है। अमेरिकी सरकार ने अयमान अल-जवाहिरी पर ढाई करोड़ डॉलर का इनाम रखा था।