नई दिल्ली। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा सीटों के नतीजे अब साफ हो गए हैं। यहां पर भाजपा 48 सीटों पर प्रचंड जीत कर सरकार बनाने जा रही है। यह लगातार तीसरी बार होगा जब हरियाणा में भाजपा सरकार बनाने जा रही है। वहीं कांग्रेस को 37 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। हालांकि एग्जिट पोलों ने कांग्रेस की सरकार बना दी थी, लेकिन जब नतीजे आए तो कहानी बदल गई। हरियाणा में मिली प्रचंड जीत को भाजपा ने जश्न के रूप मनाया। वहीं दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में हरियाणा की जनता को धन्यवाद देने के लिए आभार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी ने संबोधित किया। इस दौरान पीएम ने जहां हरियाणा की जनता को ह्रदय से धन्यवाद दिया। वहीं कांग्रेस पर पर भी जमकर हमला बोला।
पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा के लोगों ने कमाल कर दिया है। जनता के सामने कांग्रेस की पोल खुल चुकी है। उनका डिब्बा गोल हो गया है। वे सरकार से बाहर होते हैं तो उनकी हालत जल बिन मछली जैसी हो जाती है इसलिए वह समाज में जाति का जहर फैला रहे हैं। अलग-अलग वर्गों को भड़का रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे कांग्रेस हमारे समाज में जाति का जहर फैलाने पर उतर आई है। जो लोग सोने का चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए, वो गरीब को जाति के नाम पर लड़वाना चाहते हैं। हमारे दलित, पिछड़े और आदिवासी समाज को भूलना नहीं है कि ये कांग्रेस ही है, जिसने उनपर सबसे ज्यादा अत्याचार किया है। ये कांग्रेस है, जिसने उन्हें इतने दशकों तक रोटी, पानी, मकान से वंचित रखा।’

भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है कांग्रेस
मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस भारतीय समाज को कमजोर करके और भारत में अराजकता फैलाकर देश को कमजोर करना चाहती है, यही कारण है कि वे विभिन्न वर्गों को भड़का रहे हैं। वे लगातार आग लगाने की कोशिश कर रहे हैं। देश ने देखा कि कैसे किसानों को भड़काने की कोशिश की गई, लेकिन हरियाणा के किसानों ने उन्हें करारा जवाब दिया कि वे देश के साथ हैं, वे भाजपा के साथ हैं। दलितों और पिछड़ों को भड़काने की बहुत कोशिशें हुईं लेकिन इस समाज ने इस साजिश को भी पहचाना और कहा कि वे देश के साथ हैं, वे भाजपा के साथ हैं।’
गीता की धरती पर सत्य की जीत
पीएम ने कहा कि हरियाणा में गीता की धरती पर सत्य की जीत हुई है। जम्मू-कश्मीर में दशकों के इंतजार के बाद पहली बार शांतिपूर्ण चुनाव हुए। ये भारत के संविधान की जीत है, भारत के लोकतंत्र की जीत है। पीएम ने कहा कि आज नवरात्री का छठा दिन है मां कात्यायनी की आराधना का दिन है। मां कात्यायनी शेर पर विराजमान होकर हाथ में कमल को धारण किए हुए हम सभी को आशीर्वाद दे रही हैं। ऐसे पावन दिन हरियाणा में तीसरी बार कमल खिला है।
सैनी और खट्टर को दी बधाई
भाजपा की सरकार राष्ट्र को सर्वोपरि रखती है। भाजपा की सरकार गरीब कल्याण को सर्वोपरि रखती है। केंद्र सरकार पर जैसे 10 साल में भ्रष्टाचार नहीं है, वैसे ही हरियाणा की सरकार पर भी कोई दाग नहीं है। पीएम ने कहा- मैं नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को बधाई देता हूं। उन्होंने बहुत मेहनत की है। हरियाणा और जम्मू कश्मीर ने भाजपा को प्रेरित किया है। आज के जनादेश से भारत को दुनिया की तीसरी बड़ा महाशक्ति बनाने का संकल्प को मजबूती दी है। आप ने हर उस प्रेरणा को मजबूती दी है, जिसका मकसद लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का इरादा किया है।
हरियाणा के गरीब 10 साल से देख रहे डबल इंजन सरकार
पीएम मोदी ने कहा- हरियाणा के गरीब 10 साल से डबल इंजन की सरकार को देख रहे हैं। अब हरियाणा की सरकार गरीब कल्याण के काम को और गति देगी।हरियाणा की ताकत को भाजपा औ मजबूती देगी। यहां का बाजरा जैसा मोटा श्रीअन्न दुनिया के डाइनिंग टेबल पर पहुंचे, हम ऐसा चाहते हैं। हरियाणा के छोरा-छोरी दुनिया में धूम मचा रहे हैं। आने वाली समय में भारत दुनिया में खेलों की महाशक्ति बनने जा रहा है।हरियाणा इसमें बड़ा योगदान करने जा रहा है।
पीएम बोले- कश्मीर जला नहीं, बल्कि महक उठा
पीएम ने कहा कि जम्मू कश्मीर में इस बार हुआ चुनाव ऐतिहासिक है। वहां देश का संविधान पूरी तरह से लागू होने के बाद पहली बार चुनाव हुए हैं। लोग कहते थे 370 हटेगा तो कश्मीर जल जाएगा, लेकिन कश्मीर जला नहीं बल्कि महक उठा है। पीएम ने कहा- हमारी सरकार ने वहां बीडीसी के चुनाव कराए। वहां हर स्तर पर अब जनता द्वारा चुने प्रतिनिधि काम करेंगे। बाबा साहेब अंबेडकर को इससे बड़ी श्रद्धांजलि और क्या होगी।
सहयोगियों के दम पर जीतती है कांग्रेस
पीएम मोदी ने कहा- आज के नतीजों ने एक और बात स्पष्ट की है कि कांग्रेस पूरी तरह से परजीवी पार्टी बन गई है। यहां हरियाणा में कांग्रेस किसी के साथ नहीं थी, अकेली थी, इसलिए हार गई। लोकसभा में कांग्रेस ने जितनी सीटें जीतीं अपने सहयोगियों की वजह से ही जीती हैं। कांग्रेस ऐसी परजीवी पार्टी है जो अपने सहयोगियोों को ही निगल जाती है। कांग्रेस हर संस्था पर दाग लगाना चाहती है। आपको (जनता) याद होगा लोकसभा परिणाम आने से पहले कितना कोहराम मचाया था। वो भी इसलिए ताकि ये लोग चुनाव आयोग की प्रतिष्ठा पर बट्टा लगा सकें। कांग्रेस की यही आदत रही है। कांग्रेस ऐसी ही करतूतें करती आ रही है।
हरियाणा जीत की गूंज दूर-दूर तक जाएगी- पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि हरियाणा में लोगों ने हमारी सरकार ही नहीं बनाई, सीटें भी ज्यादा दी हैं और वोट शेयर भी ज्यादा दिया है। ऐसा लगता है हरियाणा के लोगों ने छप्पर फाड़कर दिया है। इस जीत की गूंज दूर-दूर तक जाएगी पीएम ने कहा कि भाजपा जहां-जहां सरकार बनाती है, जनता वहां लंबे समय तक भाजपा को मौका देती है।