श्रीलंका के संकट का होगा समाधान: मंत्रियों के सामूहिक इस्तीफों के बाद बनेगी सर्वदलीय सरकार, राष्ट्रपति ने किया आमंत्रित

कोलंबो। श्रीलंका में छाए आर्थिक संकट के बाद प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को छोड़कर सरकार के सभी मंत्रियों ने सामूहिक तौर पर इस्तीफा दे दिया है। इनमें महिंदा के बेटे और खेल मंत्री नमल राजपक्षे भी शामिल हैं। वहीं पीएम आफिस की तरफ से इस बात की पुष्टि की गई है कि फिलहाल महिंदा राजपक्षे ने पद से इस्तीफा नहीं दिया है। हालांकि अब देश में सर्वदलीय सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है।
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने देश के सभी राजनीतिक दलों को राष्ट्रीय संकट का समाधान खोजने के वास्ते मंत्रालय में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय संकट का समाधान निकालने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया है। बता दें कि भीषण आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका में लोगों के गुस्से को शांत करने की सरकार की कोशिशों के बीच सोमवार को नए मंत्रिमंडल को शपथ दिलाई जा सकती है।
शिक्षा मंत्री एवं सदन के नेता दिनेश गुणवर्धने ने पत्रकारों से कहा कि कैबिनेट मंत्रियों ने प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है,हालांकि उन्होंने सामूहिक तौर पर इस्तीफे दिए जाने का कोई कारण नहीं बताया। सोमवार को श्रीलंका के राष्ट्रपति ने संसद में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मंत्री पद लेने और राष्ट्रीय संकट का समाधान खोजने के वास्ते मिलकर काम करने के लिए आमंत्रित किया है।
सभी राजनीतिक दलों को लिखे गए पत्र में श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा, वर्तमान संकट कई आर्थिक और वैश्विक कारकों के कारण है। एशिया में अग्रणी लोकतंत्रों में से एक के रूप में, इसे लोकतंत्र के ढांचे के भीतर ही संबोधित करने की आवश्यकता है। नागरिकों और आने वाली पीढ़ियों के लाभ के लिए हमें साथ मिलकर राष्ट्रहित में काम करना चाहिए।