सरकार की सख्ती: भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में नहीं उड़ेंगे रंगे और गुलाल, भाजपा प्रवक्ता ने जताया विरोध

भोपाल। मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों से इस बार की होली बेरंग रहेगी। सरकार ने बढ़ते मामलों के कारण इस दिन और अधिक सख्ती की तैयारी है। लोगों को होली घर में ही मनानी पड़ेगी। घर से बाहर गुलाल नहीं उड़ा पाएंगे। जुलूस, सामूहिक आयोजन पर पहले से ही रोक लगी हुई है। भोपाल में हिंदू उत्सव समिति ने पहले ही तय किया है कि सोमवार सुबह 6:15 बजे होली जलाई जाएगी। इंदौर के गेर यात्रा को प्रतिबंधित किया जा चुका है। यहां शब-ए-बारात, ईस्टर व ईद-उल-फितर त्योहार भी घर में ही मनाने होंगे।
इधर, रोक का विरोध भी शुरू हो गया है। इंदौर में भाजपा के प्रवक्ता उमेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि क्राइसेस मैनेजमेंट कमेटी के फैसले से सहमत नहीं हूं। मेरे मोहल्ले में कोविड गाइडलाइन के हिसाब से पर्व का पूजन होगा। जिलाधीश जी आपका प्रकरण, डीआईजी आपका डंडा शिरोधार्य! मेरे भाई के निधन के बाद धुलेंडी पर परिवार में सीमित सीमा में रंग डालने स्वजन भी आएंगे।
भोपाल: होलिका दहन रात की जगह सुबह 6:15 बजे
रविवार को दिन में लॉकडाउन और उसके बाद नाइट कर्फ्यू सुबह 6:15 बजे तक लगा रहेगा। भोपाल हिंदू उत्सव समिति ने तय किया है कि रात की जगह इस बार होलिका दहन सोमवार सुबह किया जाएगा। भोपाल में यह स्थिति पहली बार बनेगी। यहां पर सामूहिक रूप से होली के आयोजन नहीं होंगे। कोई जुलूस नहीं निकाल सकेंगे।
इंदौर: गेर पर प्रतिबंध, लॉकडाउन की तरह सख्ती
25 मार्च को क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटी ने निर्णय लिया है कि होली के दिन भी लॉकडाउन जैसी सख्ती रहेगी।सड़कों पर पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात होकर इस पर सख्ती करेंगे। अनावश्यक आवाजाही पर रोक रहेगी। घर से लोग बाहर निकलकर होली नहीं खेल सकेंगे। चौराहे, सड़क, सार्वजनिक स्थानों, खुले मैदान में एकत्र होकर त्योहार मनाने पर प्रतिबंध रहेगा। यहां पहले ही गेर निकालने पर रोक लगाई जा चुकी है।
ग्वालियर: कोई आयोजन नहीं
ग्वालियर में पहले से ही कलेक्टर ने धारा 144 लगा रखी है। इसकी वजह से होली पर कोई आयोजन नहीं होगा। होली पर जुलूस प्रतिबंधित है। लोगों को घर में ही होली मनानी पड़ेगी।
जबलपुर: सामूहिक रूप से नहीं मना पाएंगे त्योहार
कोई भी सार्वजनिक आयोजन नहीं इंदौर, भोपाल के बाद यहां कोरोना तेजी से फैल रहा है।कलेक्टर ने जुलूस, गेर, मेले आदि आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। शब-ए-बारात, ईस्टर व ईद-उल-फितर त्योहार पर भी कोई सामूहिक आयोजन नहीं किए जा सकेंगे।
रतलाम: गेर पर रोक, डीजे और भीड़ पर प्रतिबंधित
रतलाम शहर में रविवार के दिन लॉकडाउन होने की वजह से होलिका दहन के कार्यक्रम पारंपरिक और चुनिंदा स्थानों पर सांकेतिक रूप से आयोजित किए जाएंगे। डीजे और भीड़ एकत्रित करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। गेर पर रोक रहेगी।