यूपी मिशन: 30 साल का वनवास खत्म करने में जुटी कांग्रेस, खड़ी करेगी कार्यकर्ताओं की फौज

प्रमुख खबरें : नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के विधानसभा चुनाव (Assembly elections) होने में अभी 6 महीने से भी अधिक का समय बाकी है। इससे पहले ही राज्य का सियासी पारा गर्म हो गया है। राजनीतिक पार्टियां अपनी गोटी बैठाने के साथ-साथ पार्टी और संगठन को मजबूत करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं। प्रदेश की सत्ताधारी पार्टी भाजपा (ruling party BJP) जहां एक बार फिर भगवा झंडा फहराने की कोशिश में जुटी हुई है तो वहीं कांग्रेस (Congress) अपने वजूद को बचाने की कोशिश में लगी हुई है। कांग्रेस ने इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) को दी है और श्रीमती गांधी पार्टी को मजबूत करने में जुट गई हैं।
उत्तर प्रदेश में लगातार तीस सालों से वनवास काट रही कांग्रेस पार्टी को संगठन से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत करने के प्रयासों में लगी हुई है। इसी कवायद के बीच यूपी के कांग्रेस नेताओं को रायपुर में मास्टर ट्रेनर के तौर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इन्हें कांग्रेस के इतिहास से लेकर बूथ मैनेजमेंट के बारे में जानकारी दी जा रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Chhattisgarh Chief Minister Bhupesh Baghel) ने भी प्रशिक्षण दिया है।
इसी कवायद के बीच कांग्रेस सत्तारूढ दल भाजपा को सत्ता बेदखल कर और स्वयं को सत्ता में काबिज करने के लिए पार्टी यूपी में एक लाख के करीब कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं 675 ट्रेनिंग कैंप खोलने की योजना बनाई जा रही है। इसी मद्देनजर यूपी के 100 नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक समूह को छत्तीसगढ़ प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है, जो रायपुर के निरंजन धर्मशाला (Niranjan Dharamshala) में विभिन्न मुद्दों पर प्रशिक्षण ले रहे हैं।
इसी कड़ी में प्रियंका गांधी भी वर्चुअल रूप से पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुईं। इस दौरान प्रियंका गांधी ने अब तक के प्रशिक्षण के बारे में जानकारी ली। कांग्रेस ने यूपी की करीब 300 विधानसभा सीटें चिन्हित की है, जहां पर 675 ट्रेनिंग कैंप किए जाएंगे। इन प्रशिक्षण शिविरों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट (booth management) का पाठ सिखाया जाएगा। सोशल मीडिया (social media) के बेहतर उपयोग की तकनीक भी कार्यकर्ताओं को सिखाई जाएगी। इसके अलावा ब्लॉक से लेकर न्याय पंचायत स्तर व्हाट्सएप ग्रुप बनाने और उन्हें सक्रिय करने पर जोर दिया जाएगा।
RSS और BJP को काउंटर करने के लिए भी कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेगी। यूपी के पिछले 32 सालों की बदहाली पर बीजेपी, सपा और बसपा को भी कांग्रेस कार्यकर्ता घेरेंगे। इसके लिए ‘किसने बिगाड़ा उत्तर प्रदेश?’ नाम से विशेष प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित करेगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद में है। प्रदेश की सभी 823 ब्लाकों की कमेटियां और 8134 न्याय पंचायत के अध्यक्ष नियुक्त कर दिए। वहीं, ग्राम सभा अध्यक्षों के चयन में पार्टी जुटी हुई है।