मध्यप्रदेशसतना

जामवल की नसीहत: बूथ मजबूत कर लिया तो अगले 25 साल नहीं हारेंगे चुनाव, दे आए टारगेट भी

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री जामवाल ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर पार्टी के कार्यक्रम पहुंचने चाहिए। पार्टी को 22 तरह के कार्य करना है, उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है और उसका सदस्य होने पर हमें गर्व है।

सतना। बूथ विस्तारक योजना के जरिए हमने संगठन को बूथ तक मजबूत करने का काम किया है। पार्टी का संकल्प हर बूथ जीतने का है इसके लिए जरूरी है कि हर बूथ 10 से 15 फीसदी वोट बढेÞ। प्रदेश इकाई, जिला इकाई, मंडल इकाई के बाद जिले के बूथ केन्द्रों की इकाई को सशक्त करना है। यदि हम बूथों को सशक्त करने में सफल रहे तो अगले 25 सालों तक कोई चुनाव नहीं हारेंगे। यह बात भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कही।

जामवाल सोमवार को स्थानीय भाजपा कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा के जिलाध्यक्ष व महामंत्री, प्रकोष्ठों के जिला संयोजकों की बैठक को सम्बोधित किया। बैठक में लगभग सवा सौ लोग अपेक्षित थे। बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं। इन योजनाओं से हर घर लाभान्वित है। आवश्यकता इस बात की है कि हम ऐसे लाभान्वितों से सम्पर्क कर पार्टी के साथ उन्हें जोड़े। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा गरीब कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 81 करोड़ लोगों को देश भर में मुफ्त राशन दिया जा रहा है।

बैठक में उठा परिवारवाद का मसला
भाजपा क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल के सामने पार्टी में अंदर ही अंदर सुलग रहा असंतोष सिविल लाइन स्थित एक होटल में आयोजित बैठक के दौरान सामने आ गया जब नेताओं ने अपनी-अपनी पीड़ा व्यक्त की। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुधा सिंह ने परिवारवाद का मसला उठाया। उन्होंने कहा कि जब काम करने की बारी आती है तो हमसे पार्टी का काम लिया जाता है लेकिन जब पार्टी द्वारा कुछ देने की बात आती है तो हम पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगता है।

2003 वाली नहीं रही भाजपा
इसी तरह पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा अब 2003 वाली भाजपा नहीं रह गई है। पार्टी के सीनियर लोगों की कोई सुनवाई नहीं होती। इसी तरह पार्टी के एक अन्य पूर्व विधायक प्रभाकर सिंह ने पार्टी में समन्वय की कमी की बात कही।

विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल भाजपा
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री जामवाल ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर पार्टी के कार्यक्रम पहुंचने चाहिए। पार्टी को 22 तरह के कार्य करना है, उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक दल है और उसका सदस्य होने पर हमें गर्व है। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों के प्रभारी और मंडल अध्यक्ष शक्ति केन्द्रों में बैठक करें और शक्ति केन्द्र के पंच परमेश्वर कार्यकर्ता त्रिदेवों के साथ बैठक करें इसके बाद बूथ समितियों की बैठक हो।

कन्या पूजन कर कार्यक्रम की शुरुआत की
मैहर से सतना पहुंचे पार्टी के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से की। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार, प्रदेश महामंत्री व संगठन के संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, जिला प्रभारी अभय प्रताप सिंह यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ऋषभ सिंह ने किया। आभार प्रदर्शन जिला कोषाध्यक्ष कमलेश सुहाने ने किया। बैठक में स्वागत भाषण पार्टी के जिलाध्यक्ष ने दिया। संगठनात्मक वृत्त जिला संगठन प्रभारी ने पेश किया।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button