पश्चिमी देशों से यूक्रेन को भेजे जा रहे हथियार तीसरे विश्व युद्ध का असली खतरा, गुटेरेस के रूस दौरे से पहले सर्गेई की बड़ी चेतावनी
मास्को। यूक्रेन पर रूसी अटैक के बीच संयुक्त राष्ट्र के चीफ एंटोनियो गुटेरेस के दौरे से पहले रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि युद्धग्रस्त पड़ोसी देश के साथ शांति वार्ता जारी रखेगा। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने तीसरे विश्व युद्ध के ‘असली’ खतरे की चेतावनी भी दी। बता दें कि एंटोनियो गुटेरेस रूस की राजधानी मास्को का दौरा करेंगे। यहां उनकी मुलाकात रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से होगी।
रूसी समाचार एजेंसियों से बात करते हुए, उन्होंने शांति वार्ता को लेकर यूक्रेन के रुख की आलोचना की। उन्होंने कहा, गुडविल (अच्छी इच्छा) की अपनी सीमाएं होती हैं। लेकिन अगर यह पारस्परिक नहीं है, तो यह बातचीत की प्रक्रिया में मदद नहीं करता है। खैर, हम (यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर) जेलेंस्की द्वारा सौंपी गई टीम के साथ बातचीत में लगे हैं, और ये संपर्क जारी रहेंगे। रूसी विदेश मंत्री ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी देश यूक्रेन को जो हथियार भेज रहे हैं, वह रूस के सैन्य ठिकानों को निशाना बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह तीसरे विश्व युद्ध का असल खतरा बन सकते हैं।
लावरोव ने पूर्व एक्टर जेलेंस्की पर बातचीत के लिए नाटक करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, वह एक अच्छे एक्टर हैं। रूसी मंत्री ने आगे कहा, अगर आप ध्यान से देखें और ध्यान से पढ़ें कि वह क्या कहते हैं, तो आप एक हजार विरोधाभास पाएंगे। मौजूदा तनावों को देखते हुए, लावरोव ने कहा कि तीसरे विश्व युद्ध का खतरा वास्तविक है। लावरोव ने इंटरफैक्स समाचार एजेंसी को बताया, (तीसरे विश्वयुद्ध का) खतरा गंभीर है, यह वास्तविक है, आप इसे कम करके नहीं आंक सकते।
बता दें कि गुटेरेस 28 अप्रैल को यूक्रेन की राजधानी कीव का दौरा करेंगे जहां उनकी मुलाकात यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की से होगी। इससे पहले रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने उम्मीद जताई थी कि 26 अप्रैल को रूसी दौरे पर संयुक्त राष्ट्र के चीफ यूक्रेन का मजबूती से समर्थन करेंगे। जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से 100 प्रतिशत समर्थन की उम्मीद है। साथ ही यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ये भी कहा कि यूक्रेन से पहले गुटेरेस का रूस का दौरा करना एक गलत कदम है।
‘हमें नहीं लगता कि अभी युद्धविराम एक अच्छा विकल्प है’
सीनियर रूसी राजनयिक ने दिमित्री पोलियांस्की सोमवार (25 अप्रैल) को कहा कि मुझे नहीं लगता कि अभी युद्धविराम एक अच्छा विकल्प है। उन्होंने कहा कि कीव ने मास्को के साथ एक समझौते पर पहुंचने से इनकार कर दिया है। साथ ही कीव ने ह्यूमन कॉरिडोर पर रूस को बदनाम करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन ह्यूमन कॉरिडोर को खोलने के हमारे प्रयासों से समझौता कर रहा है, इसलिए हमें नहीं लगता कि युद्धविराम अभी एक अच्छा विकल्प है।