ताज़ा ख़बरमध्यप्रदेश

मौसम ने फिर ली करवट: झारखंड में बारिश, मप्र-राजस्थान में बूंदाबांदी से गिरा तापमान, कल भी कई राज्यों हो सकती है बारिश

नई दिल्ली। मार्च के महीने में पांच दिन के अंतर में आए तीन पश्चिमी विक्षोभ से पूरे देश में मौसम बदल गया है। झारखंड में बारिश के साथ ओले गिरने से और राजस्थान, मध्यप्रदेश में हल्की बूंदाबांदी से तापमान में कमी आई है। शनिवार को मार्च का चौथा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिसके चलते 14-15 मार्च तक हिमालय से लगे पहाड़ी राज्यों कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। जबकि उत्तर के मैदानी इलाकों राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में 15 मार्च तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में बारिश और ओले गिरने का आॅरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि कश्मीर, लद्दाख और पंजाब के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आमतौर पर साल में सबसे ज्यादा पश्चिमी विक्षोभ जनवरी-फरवरी में आते हैं, जो इस बार कम और कमजोर आए। इसके चलते सर्दी अचानक खत्म हो गई। हालांकि मार्च में तीन पश्चिमी विक्षोभ आए हैं और चौथा शनिवार को आने वाला है। इस महीने 9, 11 और 13 मार्च को आए पश्चिमी विक्षोभों के बीच तो महज पांच दिन का ही अंतर रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में कहीं-कहीं ओले भी गिरेंगे। अगले एक हफ्ते में उत्तर-पश्चिम, उत्तर, मध्य और उससे लगे पूर्वी भारत में मैक्सिमम टेम्परेचर सामान्य से 2 से 5 डिग्री ज्यादा रहेगा। जबकि देश के बाकी हिस्सों में तापमान सामान्य रहेगा।

झारखंड: शिवरात्रि भीगी; दिन में कड़ी धूप, शाम को बारिश के साथ ओले गिरे
झारखंड के अलग-अलग शहरों में गुरुवार को दिनभर कड़ी धूप के बाद शाम को अचानक हुई तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया। पिछले कुछ दिनों में तापमान में हुई बढ़ोतरी के बाद लोगों ने मौसम के बदले मिजाज के बाद थोड़ी राहत की सांस ली। गुरुवार को रांची में पूरे दिन धूप खिली रही और मैक्सिमम टेम्परेचर 33 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं शाम के वक्त बारिश के साथ कुछ जगहों पर ओले भी गिरे, जिसके बाद मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम केंद्र रांची के मुताबिक शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिण पश्चिमी और मध्य भागों में कहीं-कहीं पर हल्की बारिश के आसार हैं।

बिहार: दिन में सामान्य से 2.3 डिग्री, रात में 6 डिग्री ज्यादा रहा पारा, आज बादल छाने का अनुमान
प्रदेश में गुरुवार को दिन का टेम्परेचर सामान्य से 2.3 डिग्री और रात का 6 डिग्री ज्यादा रहा। मुजफ्फरपुर जिले में लगातार पांचवें दिन गुरुवार को भी तापमान में बढ़ोतरी हुई। दिन में पारा 1.3 डिग्री और रात में 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा। पूरे उत्तर बिहार में शुक्रवार से पुरवा हवाओं के साथ सुबह से ही बादल छाने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक पुरवा हवाएं चलने से कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी संभव है। हालांकि, बारिश होगी भी तो एक बार तापमान में कमी के बाद फिर तेजी से दिन और रात का तापमान बढ़ेगा।

राजस्थान: आज भी बारिश की संभावना
राजस्थान के कोटा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को मौसम तीन बार बदला। दोपहर तक तेज धूप रही तो दोपहर बाद बादल छाए और शाम को कई इलाकों में बारिश हुई। तेज हवा से शाम को हल्की सर्दी का अहसास हुआ। विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का असर हाड़ौती में शुक्रवार को भी देखा जाएगा। ऐसे में हाड़ौती के कई इलाकों में बारिश की आशंका है। कहीं-कहीं पर ओले भी गिर सकते हैं। शनिवार को मौसम साफ हो जाएगा।

हरियाणा: तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते शुक्रवार को मौसम में बदलाव होने की संभावना है। शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। इससे दिन के तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। पूर्वी हवाओं के चलने की वजह से हरियाणा में पिछले 4 दिनों से दिन और रात का तापमान बढ़ रहा है।

पंजाब: जालंधर में 17 मार्च तक बादल छाएंगे, बूंदाबांदी के आसार
प्रदेश के कई शहरों में 17 मार्च तक सुबह और शाम को बादल छाए रहने के आसार हैं। हिमाचल में चक्रवात का असर जारी है। इसलिए जालंधर में भी मौसम बदलता रहेगा। आज कई इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं। दिन में गर्मी के बीच सुबह और शाम को सुहाना मौसम रहेगा।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button