
मुंबई। अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में बने रहने वाले बालीवुड एक्टर कमल राशिद खान अब मुसीबत में फंस गए हैं। दो साल पहले किए विवादित ट्वीट पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। खबरों की मानें तो उन्हें मलाड पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ करने के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया है। खबर यह भी आ रही है उन्हें मुंबई के एयरपोर्ट पर लैंड करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।
हालांकि यह पहला मौका यह पहला मौका नहीं है जब केआरके अपने किसी ट्वीट को लेकर मुश्किलों में फंसे हैं। इससे पहले बॉलीवुड के दबंग एक्टर सलमान खान ने उनपर मानहानि का केस किया था। दरअसल, केआरके ने सलमान की फिल्म राधे का निगेटिव रिव्यू किया था और साथ में उन्होंने सलमान पर पर्सनल अटैक भी किया था। इस कारण सलमान ने केआरके के खिलाफ कानूनी कार्यवाई की थी। सलमान के अलावा एक्टर मनोज बाजपेयी भी एक अपमानजनक ट्वीट के कारण केआरके के खिलाफ एक्शन ले चुके हैं।
राहुल कनाल ने दर्ज कराई थी शिकायत
दरअसल कमाल आर खान को साल 2020 में दर्ज हुए एक केस में मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस ने बताया कि उन्हें आज ही बोरीवली कोर्ट में पेश किया जाएगा। केआरके पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर धर्म को लेकर विवादित ट्वीट किए। केआरके के खिलाफ शिकायत युवा सेना के सदस्य राहुल कनाल ने की थी। उसे आज बोरिवली कोर्ट में पेश किया जाएगा। राहुल कनाल ने कहा- मेरी शिकायत पर कमाल आर खान को आज गिरफ्तार कर लिया गया है। मुंबई पुलिस के इस एक्शन का मैं वेलकम करता हूं। वह सोशल मीडिया पर अपमानजनक कमेंट्स करता है और अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल करता है। इस तरह का बर्ताव समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता है।
अजय देवगन ने भी उन पर लगाया था बड़ा आरोप
बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन ने फिल्म शिवाय की रिलीज के वक्त कमाल राशिद खान का एक आॅडियो टेप शेयर किया था जो कि खूब वायरल हुआ था। अजय देवगन ने ट्वीट शेयर करते हुए आरोप लगाया था कि कमाल राशिद खान फिल्म का अच्छा रिव्यू करने के लिए पैसा वसूलने की कोशिश करते हैं और ऐसा नहीं करने पर निगेटिव बातें फैलातें हैं।
कई हिन्दी और भोजपुरी फिल्मों में कर चुके हैं काम
कमाल आर खान कई हिंदी और भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुके हैं। वे फिल्मों को प्रोड्यूस भी करते हैं। साल 2005 में आई ‘सितम’ से केआरके ने बतौर प्रोड्यूसर अपना करियर शुरू किया था। इसके बाद उन्होंने लो बजट की कई सारी भोजपुरी और हिंदी फिल्मों में काम किया।