सैटेलाइट तस्वीरों में दिखी रूसी सेना की बर्बरता: मारियुपोल में मिली एक और कब्रगाह, हजारों यूक्रेनियों के दबे होने की आशंका

कीव। यूक्रेन पर रूसी हमले के कल रविवार को दो महीने पूरे हो जाएंगे। लेकिन यह जंग अब तक अपने अंजाम पर नहीं पहुंची है। खास बात यह है कि रूसी सेना ने इन दो महीनों के दौरान यूक्रेन के कई शहरों में खूब तबाही मचाई है। इसमें से एक शहर मारियुपोल भी शामिल हैं। यूक्रेन के ध्वस्त हो चुके शहर मारियुपोल के बाहर एक और सामूहिक कब्र मिली है। इसका खुलासा सैटेलाइट तस्वीरों से हुआ है।
शहर के मेयर के सलाहकार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। शहर की परिषद ने प्लेनेट लैब्स द्वारा उपग्रह से ली गयी एक तस्वीर पोस्ट की है जिसे सामूहिक कब्र बताया जा रहा हैं। बताया जा रहा है कि 45 मीटर लंबे और 25 मीटर चौडी इस कब्र में मारियुपोल के कम से कम 1,000 निवासियों के शव हो सकते हैं। साथ ही अधिकारियों ने रूस पर शहर की घेराबंदी के दौरान आम लोगों की हो रही हत्याओं को छिपाने के प्रयास के तहत करीब नौ हजार यूक्रेनी नागरिकों को सामूहिक तौर पर दफनाने का भी आरोप लगाया है।
बता दें कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा मारियुपोल की लड़ाई में जीत का दावा करने के कुछ घंटे बाद ही सैटेलाइट की यह तस्वीरें जारी की गयी हैं। हालांकि, मारियुपोल के एक विशाल स्टील संयंत्र में यूक्रेन के करीब दो हजार सैनिक अभी भी छिपे हुए हैं। सैटेलाइट तस्वीरें उपलब्ध कराने वाली कंपनी मैक्सार टेक्नोलॉजीज ने यह तस्वीरें जारी की हैं। कंपनी के मुताबिक इन तस्वीरों में 200 से अधिक सामूहिक कब्रें दिखाई दे रही हैं। यूक्रेन के अधिकारियों का दावा है कि रूस मारियुपोल शहर में हमले में मारे जा रहे आम नागरिकों को इन्हीं सामूहिक कब्रों में दफन कर रहा है।
रूस ने मानी मोस्कवा युद्धपोत हमले में नौसैनिक के मौत की बात
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि बीते हफ्ते युद्धपोत मोस्कवा पर आग लगने के कारण एक नौसैनिक की मौत हो गई, जबकि 27 लापता हैं और 396 को बचा लिया गया। रूस की ओर से यह बयान युद्धपोत के डूबने के एक हफ्ते बाद आया है। घटना के कुछ देर बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि पोत पर सवार सभी लोगों को बचा लिया गया है। मंत्रालय ने विरोधाभासी बयानों पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। यूक्रेन ने कहा था कि उसने युद्धपोत पर मिसाइल से हमला किया था।