प्री-मानसून की दस्तक: राजधानी में झमाझम बारिश से लोगों को मिली राहत, छिंदवाड़ा के साथ भीगे कई और जिले

मध्यप्रदेश: भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में प्री-मानसून (pre-monsoon) ने दस्तक दे दी है। सोमवार शाम हुई तेज बारिश (heavy rain) से तापमान में गिरावट के साथ गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से राजधानी के कई इलाकों में बिजली गुल (power failure) होने से अंधेरा छा गया। इसके अलावा छिंदवाड़ा, शाजापुर और मंदसौर, सागर जिले के खुरई में भी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अन्य जगह मौसम सामान्य रहा।
राजधानी में सोमवार को दिन भर धूप निकली रही। हालांकि रविवार की तुलना में गर्मी कम थी। शाम 6 बजे के बाद अचानक तेज हवा के साथ घने बादल छा गए। बादलों ने धीरे-धीरे पूरे शहर को आगोश में ले लिया। गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग (weather department) के अनुसार राजधानी में 20 से 30 किमी की रफ्तार से हवा चली। शहर के एमपी नगर, होशंगाबाद रोड, अयोध्या नगर, कोलार, पुराना भोपाल, पिपलानी, आनंद नगर समेत कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
मौसम विभाग ने पहले ही राजधानी समेत सभी संभागों के जिलों में बारिश की संभावना जाताई थी। मौसम विभाग के अनुसार छिंदवाड़ा, शाजापुर में भी बारिश दर्ज की गई। weather department ने बताया, सोमवार को छिंदवाड़ा में 1.0 एमएम, शाजापुर में 2.0 एमएम बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि मानसून के पहले प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो गई है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी प्रदेश में आ रही है। इससे बादल बन रहे हैं। इसके कारण प्रदेश में बारिश हो रही है। उन्होंने बताया कि इस तरह की गतिविधियां मानसून के आने तक जारी रहेगी। प्रदेश में 20 जून तक मानसून आने का समय है।
अन्य जगह मौसम सामान्य
इसके अलावा भिंड, होशंगाबाद, रतलाम, गुना, रायसेन, सीहोर, ग्वालियर, खंडवा में दिन भर मौसम साफ रहा। दिन भर लोग उमस से परेशान रहे। वहीं, जबलपुर और सागर बादल छाए।
ग्वालियर और रायसेन में 42 डिग्री तापमान
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को सबसे गर्म ग्वालियर और रायसेन रहे। यहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री, इंदौर का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।