रूसी विदेश मंत्री का भारत दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब यूक्रेन में जंग जारी है। इसलिए पूरी दुनिया की निगाहें इस बैठक पर रहने वाली है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही चीन के विदेश मंत्री भारत का दौरा कर चुके हैं।
नई दिल्ली। रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भारत दौरे पर आ रहे हैं। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव 31 मार्च से 1 अप्रैल तक दिल्ली दौरे पर रहेंगे। हालांकि रूसी विदेश मंत्री की यात्रा और अन्य बैठकों का एजेंडा अभी तय किया जा रहा है। रूस के विदेश मंत्री लावरोव भारत के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने से पहले चीन में अफगानिस्तान के पड़ोसी देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। इसी दौरान ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस भी भारत आएंगी।
रूसी विदेश मंत्री का भारत दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब यूक्रेन में जंग जारी है। इसलिए पूरी दुनिया की निगाहें इस बैठक पर रहने वाली है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही चीन के विदेश मंत्री भारत का दौरा कर चुके हैं। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने 25 मार्च को नई दिल्ली में अपने भारतीय समकक्ष विदेश मंत्री एस. जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की थी। दिल्ली दौरे पर रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात करेंगे।
रूस-यूक्रेन मसले पर भारत ने बनाई दूरी
रूस-यूक्रेन के मसले पर अब तक आए संयुक्त राष्ट्र के सभी प्रस्तावों पर चीन, रूस के समर्थन में वोटिंग करता आया है। भारत इस मसले पर तटस्थता की रणनीति को लेकर आगे बढ़ रहा है। भारत यूएन की सामान्य सभा और सुरक्षा परिषद में हुई वोटिंग का अब तक बहिष्कार करता आया है। संयुक्त राष्ट्र जैसे मंचों पर भारतीय पक्ष द्वारा अपनाए गए रुख की रूस ने सराहना की है। उम्मीद है कि दोनों देश रक्षा और अन्य सौदों के लिए वैकल्पिक भुगतान तंत्र पर चर्चा करेंगे ताकि अमेरिका और उसके सहयोगियों द्वारा रूसी बैंकों और संस्थाओं पर लगाए गई पाबंदियों को बेअसर किया जा सके।
एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम जैसी रक्षा प्रणालियों के लिए 5.4 अरब डॉलर के सौदे जैसे बड़े रक्षा सौदों के अलावा भारत रूस से रियायती दरों पर तेल और अन्य वस्तुओं की आपूर्ति के प्रस्ताव पर भी विचार कर रहा है। वित्त मंत्री की अध्यक्षता में विभिन्न मंत्रालयों के प्रतिनिधियों का एक समूह भारत पर पश्चिमी प्रतिबंधों के संभावित प्रभाव का आकलन कर रहा है।