भारत-इंग्लैंड के बीच टी-20 सीरीज: मार्टिन गुप्टिल को पछाड़ रोहित शर्मा बन सकते हैं सिक्सर किंग

अहमदाबाद। भारत और इंग्लैंड के बीच 12 मार्च से 5 टी-20 मैचों की सीरीज शुरू हो रही है। यह सीरीज टीम इंडिया के ओपनर और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा के लिए काफी अहम साबित हो सकती है। रोहित इस सीरीज के दौरान टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दुनिया में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले बल्लेबाज बन सकते हैं। अभी वे दूसरे स्थान पर हैं और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल उनसे आगे हैं।
रोहित ने अब तक जमाए हैं 127 छक्के
रोहित शर्मा ने अब तक 108 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 127 छक्के जमाए हैं। वहीं, मार्टिन गुप्टिल ने 99 मैचों में 137 छक्के जमाए हैं। इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 97 मैचों में 113 छक्के जमाए हैं। मोर्गन भी इस सीरीज में अपने सिक्सर्स की संख्या में इजाफा कर सकते हैं।
इन बल्लेबाजों के अलावा न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो (65 मैचों में 107 छक्के), वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (61 मैचों में 106 छक्के) और आॅस्ट्रेलिया के एरोन फिंच (71 मैचों में 104 छक्के) ही अब तक टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में छक्कों का शतक पूरा कर पाए हैं।
भारतीय बल्लेबाजों में विराट दूसरे स्थान पर
टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की पहचान ज्यादा सिक्स जमाने वाले बल्लेबाज के रूप में नहीं है। इसके बावजूद वे टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के जमाने के मामले में दूसरे स्थान पर हैं। विराट ने अब तक 85 मैचों में 81 छक्के मारे हैं। विराट इस सीरीज में सिक्सर्स का शतक पूरा कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें थोड़ी अधिक आक्रामक बैटिंग की जरूरत होगी।
सिक्स जमाने में राहुल भी तेजी से बढ़ रहे आगे
भारत के युवा बल्लेबाज लोकेश राहुल सिक्स जमाने के मामले में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। राहुल ने अब तक 45 मैचों में 63 छक्के जमा दिए हैं। रोहित और विराट के अलावा अन्य भारतीय बल्लेबाजों में सिर्फ युवराज सिंह (58 मैचों में 74 छक्के) ही राहुल से आगे हैं। सुरेश रैना (78 मैचों में 58 छक्के) और महेंद्र सिंह धोनी (98 मैचों में 52 छक्के) ने भी अपने करियर में 50 से ज्यादा छक्के जमाए हैं।
सबसे ज्यादा छक्के न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के नाम
सिक्स जमाने वाली टीमों की तुलना करें तो इस मामले में न्यूजीलैंड सबसे आगे है। न्यूजीलैंड की ओर से अब तक 854 छक्के जमाए जा चुके हैं। दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज की टीम है। कैरेबियाई टीम की ओर से अब तक 836 छक्के जमाए गए हैं। आस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर हैं। ?उसकी ओर से 793 छक्के लगे हैं। टीम इंडिया चौथे स्थान पर है। भारत की ओर से 726 छक्के लगे हैं। इसके बाद पाकिस्तान (698 छक्के), इंग्लैंड (671 छक्के), साउथ अफ्रीका (671 छक्के), अफगानिस्तान (516 छक्के) और श्रीलंका (504 छक्के) की ओर से भी 500 से ज्यादा सिक्सर जमाए जा चुके हैं।