सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र के कृपालपुर में प्रशासन ने भाजपा नेता मनसुख पटेल और उसके साथियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर करीब 10 एकड़ जमीन मुक्त करा ली। हालांकि सतना प्रशासन ने यह कार्रवाई कल शुक्रवार को की थी।
सतना। मध्य प्रदेश में ‘मामा का बुलडोजर’ रुकने का नाम नहीं ले रहा। यहां तक की आम से लेकर खास तक किसी को भी नीं बख्शा जा रहा है। सभी के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उसे जमींदोज किया जा रहा है। अवैध इमारतों को जमींदोज किया जा रहा है। अब मामा का बुलडोजर सतना में भाजपा नेता के अवैध कब्जे पर चला है।
जानकारी के मुताबिक सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र के कृपालपुर में प्रशासन ने भाजपा नेता मनसुख पटेल और उसके साथियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाकर करीब 10 एकड़ जमीन मुक्त करा ली। हालांकि सतना प्रशासन ने यह कार्रवाई कल शुक्रवार को की थी। बताया जा रहा है कि सारा निर्माण नगर निगम की इजाजत के बिना किया जा रहा था। नोटिस के बाद भी उसका जबाव संबंधित पक्ष ने नहीं दिया था। भाजपा नेता मनसुख पटेल को मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का समर्थक भी माना जाता है।
प्लॉटिंग में 3 मकान भी बने थे, जिन्हें जेसीबी के जरिए मिट्टी में मिला दिया गया। इस अवैध प्लॉटिंग में मनसुख पटेल के साथ दो और कारोबारियों की पार्टनरशिप है। गौरतलब है कि जब नगर निगम एक सप्ताह पूर्व अन्य अवैध प्लॉटिंग को तहस-नहस कर रहा था तो भाजपा नेता ने खुद अपनी प्लॉटिंग की सड़क को खुदवा दिया था। इसके बावजूद नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने जिला प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में अवैध प्लॉटिंग और उस पर बने 3 मकानों को नेस्तनाबूद कर दिया।
नोटिस का जवाब नहीं
सतना रीवा रोड पर करीब दस एकड़ भूमि पर अवैध तरीके से प्लॉट काट लिए गए थे। उन पर तीन प्लैट भी बनाये जा रहे थे. लेकिन नगर निगम से इसका नक्शा स्वीकृत नहीं था। नगर निगम ने नोटिस जारी कर अवैध निर्माण स्वयं हटाने का आदेश दिया था। लेकिन जमीन करोबारी ने नोटिस का जवाब तक नहीं दिया। ऐसे में आज मामा का बुलडोजर पहुंच गया। अवैध प्लॉटिंग को प्रशासन आज ध्वस्त करने पहुंचा। जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मिलकर सारा अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया।
उमा भारती के करीबी माने जाते हैं मनसुख
नगर निगम के अतिक्रमण दस्ता प्रभारी रमाकांत शुक्ला ने कहा कि यह 11 एकड़ की जमीन आराजी है। यहां पर हो रही प्लॉटिंग में मनसुख पटेल और अन्य पार्टनर हैं। हमारी अवैध कॉलोनी शाखा द्वारा उन सबको नोटिस जारी की गई थी। यहां 3 मकान बने थे, 2 मकान विजय मुरारका के नाम से और 1 मकान संजय तिवारी का है। आपको बता दें कि मनसुख पटेल भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती की समर्थक माने जाते हैं। पटेल ने साल 2005 में भाजपा से निष्कासित होने के बाद 2006 में अलग दल का गठन किया था। नए दल भारतीय जनशक्ति पार्टी में मनसुख भी शामिल हुए थे और उमा की पार्टी की टिकट पर 2008 में सतना विधानसभा से चुनाव भी लड़ा था।
138 जगह अवैध प्लॉटिंग और निर्माण
नगर निगम के मुताबिक प्रशासन और नगर निगम ने जिले में कुल 138 जगहों को चिन्हित किया है जहां अवैध प्लॉट काटे जा रहे हैं और उन पर निर्माण हो रहा है। सभी जगह बुलडोजर चलाया जाएगा।