शिवराज के चौथी पारी के दो साल पूरे होने पर नए नाम बुलडोजर मामा पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने बुलडोजर परेड निकाली। इसके साथ ही उन्होंने अपने मालवीय नगर स्थित आवास 'युवा सदन' के बाहर 15 बुलडोजर खड़े करवाए हैं। जानकारी के मुताबिक बुलडोजर मामा शिवराज सिंह भी इस परेड में शामिल हुए।
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्यमंत्री के रूप में चौथे कार्यकाल के आज बुधवार को दो साल पूरे हो गए हैं। शिवराज के चौथी पारी के दो साल पूरे होने पर नए नाम बुलडोजर मामा पर भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने बुलडोजर परेड निकाली। इसके साथ ही उन्होंने अपने मालवीय नगर स्थित आवास ‘युवा सदन’ के बाहर 15 बुलडोजर खड़े करवाए हैं। जानकारी के मुताबिक बुलडोजर मामा शिवराज सिंह भी इस परेड में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया और उन्होंने ‘बुलडोजर मामा जिंदाबाद’ के नारे लगाए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मां, बहन, बेटियों पर जो भी गलत नजर रखेगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों के मकान जमींदोज कर दिए जाएंगे। कानून अलग सजा देगा, लेकिन उनके मकान पहले जमींदोज किए जाएंगे।
दरसअल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अपराधियों, माफियाओं और सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने वाले नेता के रूप में पेश करने के लिए आज शर्मा ने अपने सरकारी निवास पर बुलडोजर मामा परेड निकाली। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस परेड में शामिल हुए। परेड में न केवल बुलडोजरों को लाया गया बल्कि बड़़े-बड़े होर्डिंग भी लगाए गए जिनमें सीएम शिवराज सिंह चौहान के पोस्टर लगे थे।
कमलनाथ के इस्तीफे के बाद शिवराज ने आज के ही दिन ली थी शपथ
मध्य प्रदेश में दो साल पहले कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी ने आज के ही दिन शिवराज सरकार ने शपथ ग्रहण की थी। अब भाजपा की पांचवीं सरकार बनाने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कानून व्यवस्था से खेलने वालों और मां-बहन-बेटियों की अस्मिता को लूटने वालों पर सख्ती के साथ कार्रवाई करने के संदेश देने के लिए उन्हें बुलडोजर मामा नाम दिया गया है। भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने शिवराज सिंह चौहान को यह नाम दिया है।
शिवराज में दिखने लगी आक्रमण वाली छवि
बता दें कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बेटियों व महिलाओं से दुराचार करने वाले आरोपितों के खिलाफ सख्ती दिखाई है। एक सौम्य, मृदु नेता के रूप में मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को जाना जाता है, लेकिन अब उनकी आक्रमण वाली छवि दिखने लगी है। वो अब तक कई सभाओं में कह चुके हैं, जो गलत काम करेगा, उन आरोपितों के मकान जमींदोज करेंगे। श्योपुर में आरोपितों के मकान तोड़ने के बाद दो दिन पहले विधायक रामेश्वर शर्मा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के होर्डिंग लगाए थे, जिसमें लिखा था कि आरोपितों के मकानों पर मामा शिवराज का बुलडोजर चलेगा।