ताज़ा ख़बरमध्यप्रदेश

बारिश और ओलों ने किसानों को किया तबाह: गेहूं-सब्जियों की फसल को काफी नुकसान, मंत्री ने सर्वे के दिए आदेश

इंदौर। जिले में शुक्रवार को बारिश और ओले गिरने से गेहूं और प्याज के साथ ही सब्जियों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। सैकड़ों किसानों की गेहूं की फसल या तो खेतों में कटने के लिए खड़ी थी या फिर कहीं पर आधी कटाई होकर खेत में रखी थी। फसल नुकसानी को लेकर जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कमिश्नर से चर्चा की और जल्द ओलावृष्टि से हुए नुकसान का सर्वे करने को कहा। ओलों की वजह से हुई फसलों की बबार्दी ने किसानों की आंख में आंसू ला दिए है।

जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा है कि इंदौर सहित संभाग के सभी जिलों में हुई ओलावृष्टि से हुए नुकसान पर तत्काल सर्वे शुरू किया जाएगा। शनिवार को संभागायुक्त डॉक्टर पवन शर्मा और कलेक्टर मनीष सिंह से बात की और जिले सहित पूरे संभाग के हालात की जानकारी ली। मंत्री सिलावट ने कहा कि देपालपुर, हातोद, सांवेर सहित अन्य क्षेत्रों में जहां कहीं भी नुकसान हुआ है, वहां राजस्व प्रशासन सर्वे करे और राजस्व पुस्तक परिपत्र के अनुसार प्रकरण तैयार करें।

झिरन्या में आकाशीय बिजली गिरने से दो ग्रामीणों की मौत
संभागायुक्त ने मंत्री सिलावट को बताया कि संभाग के अनेक जिलों में ओलावृष्टि की जानकारी मिली है, खंडवा जिले की पंधाना तहसील के बोरगांव क्षेत्र के साथ खंडवा तहसील के ग्रामों में भी ओलावृष्टि हुई है। यहां हुई आर्थिक क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट देने के निर्देश कलेक्टर खंडवा को दिए गए हैं। बड़वानी जिले में पाटी तहसील और राजपुर के कुछ ग्रामों में हल्की बूंदाबांदी हुई है, लेकिन किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं, खरगोन जिले की 3 तहसीलों में ओलावृष्टि हुई है। भगवानपुरा, झिरन्या, सेंगावा में हल्की ओलावृष्टि हुई है। झिरन्या तहसील में आकाशीय बिजली गिरने से दो ग्रामीणों की मृत्यु भी हुई है। आलीराजपुर झाबुआ और बुरहानपुर में ओलावृष्टि नहीं हुई है। मंत्री सिलावट ने विस्तृत रूप से सर्वे कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।

किसान संघ ने की सर्वे की मांग
भारतीय किसान मजदूर सेना के बबलू जाधव और भारतीय किसान संघ के आनंद ठाकुर ने बताया कि इंदौर जिले में बड़ी संख्या में किसानों को नुकसान हुआ है। प्रशासन व सरकार से मांग की जा रही है कि जल्द ही सर्वे करवाकर मुआवजा दिलाएं। होली जैसा प्रमुख त्योहार करीब है। इसके चलते किसानों को गेहूं की फसल से ही आस रहती है। पिछले साल लॉकडाउन में भी किसानों की उपज खेतों में ही खराब हो गई थी। ऐसे में इस बार की फसल से किसानों को आस थी, लेकिन उस पर भी पानी फिर गया। राऊ में 3.50 से 4.25 बजे तक ओलावृष्टि हुई। मंडले कॉलोनी व सराय वार्ड क्षेत्र में बर्फ की चादर बिछ गई।

इसलिए हुई बारिश, बादल-बारिश के कारण तापमान में आई गिरावट
मार्च में तीसरी बार पश्चिमी विक्षोभ बना। इसके कारण समुद्री क्षेत्रों से नमी मिली, जिससे बादल बने और बारिश हुई। इसके कारण रात के तापमान में 1 डिग्री की कमी आई। गुरुवार रात न्यूनतम पारा 19.2 डिग्री पर था जो घटकर 18.6 पर आ गया। यह सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था। वहीं, 10 दिन से 35 से 36 डिग्री के बीच रिकॉर्ड हो रहा अधिकतम तापमान शुक्रवार को सामान्य से 2 डिग्री कम होकर 33.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। विक्षोभ का असर दो से तीन दिन तक रहेगा। इसके बाद मौसम सामान्य हो जाएगा और धूप रहेगी। 13 मार्च और उसके पहले भी दो पश्चिमी विक्षोभ बने थे और बादल छाए थे, लेकिन इंदौर में बरसे नहीं थे।

WebKhabar

2009 से लगातार जारी समाचार पोर्टल webkhabar.com अपनी विशिष्ट तथ्यात्मक खबरों और विश्लेषण के लिए अपने पाठकों के बीच जाना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Gmail पर सिग्नेचर क्यों करते हैं सेट? आप भी जानिए श्वेता तिवारी की बेटी का फिर दिखा हसीन अंदाज, आप भी देखकर हो जाएंगे हैरान बी टाउन की इन एक्ट्रेस ने शादी के बाद आखिर क्यों नहीं बदला सरनेम? मोदी सरकार की इन योजनाओं से आम लोगों को हुआ सीधा लाभ! IIFA 2023 में शामिल होने अबू धाबी पहुंचे ये पॉपुलर सितारे, देखिए