लोजपा में चाचा भतीजा विवाद: चिराग से छिन सकता है अध्यक्ष पद…जानें क्या है वजह

प्रमुख खबरें: नई दिल्ली। बिहार में लोक जन शक्ति पार्टी (LJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान (Chirag Paswan) की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब उन्हें और जोर का झटका देने की तैयारी चल रही है। उनका अध्यक्ष पद भी छीना जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब चिराग पासवान को लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष पद से हटाने की तैयारी है।
पशुपति कुमार पारस (Pashupati Kumar Paras) व अन्य सांसद पटना जाएंगे और जल्द ही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक बुलाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में चिराग पासवान की जगह पशुपति कुमार पारस को राष्ट्रीय अध्यक्ष और संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाया जा सकता है। इसके लिए कार्यकारिणी के सदस्यों से संपर्क साधा जा रहा है।
इससे पहले सोमवार देर शाम पशुपति पारस, चिराग पासवान की जगह लोजपा के लोकसभा में नेता बनाए गए। स्पीकर ओम बिरला (Om Birla) ने उन्हें मान्यता दी है। पार्टी सांसदों ने महबूब अली कैसर को उपनेता चुना है। चंदन सिंह को पार्टी का मुख्य सचेतक बनाया गया है।
बता दें कि लोक जनशक्ति पार्टी के 6 में से 5 सांसदों ने पार्टी अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान के खिलाफ बगावत की है। बागी तेवर दिखाने वाले सांसदों में पशुपति कुमार पारस, चंदन सिंह, प्रिंस राज, वीणा देवी और महबूब अली कैसर शामिल हैं।
चिराग को पार्टी से दूर करने के साथ ही इस बात की उम्मीद की जा रही है कि बिहार सरकार में लोजपा का कद बढ़ सकता है। अभी इस पार्टी का कोई विधायक नहीं है, लेकिन सूत्रों के अनुसार आने वाले समय में विधान परिषद के रास्ते किसी नेता को लाकर मंत्री बनाने की संभावना है। वहीं केंद्र में भी पशुपति कुमार पारस का कद बढ़ाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।
पार्टी में फूट की यह रही मुख्य वजह
चिराग ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान jdu के नीतीश कुमार को बुरा भला कहा था, उससे उनके चाचा सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं को अच्छा नहीं लगा। समझाइश के बाद भी वे नीतीश पर हमला करते रहे। इसको लेकर चाचा भतीजे में विवाद भी हो चुका था। इससे पार्टी को नुकसान पहुंचा और बिहार में एलजेपी एक भी सीट नहीं ला पाई। इससे पार्टी के नेता चिराग के खिलाफ हो गए और उन्हें अलग थलग करने की रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया।