ताज़ा ख़बर

भाजपा इंदौर में एक हजार ‘गणमान्य’ को ढूढ़कर उनसे मिलेगी-जुलेगी, बुलावा भेजेगी

हर नेता 25 गणमान्य लोगों से मिलेगा, चालीस नेताओं की टीम बनेगी

इंदौर। आगामी चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने कार्यकर्ताओं  से कहा है कि कि जिले के कम से कम एक हजार गणमान्य नागरिकों की सूची बनाओ। इसमें हर क्षेत्र के प्रभावशाली लोग शामिल हों। भविष्य में पार्टी  इनसे संपर्क करेगी।

जानकारी के मुताबिक प्रदेश स्तर पर चल रहे महाजनसंपर्क अभियान कार्यक्रम में इंदौर को एक हजार लोगों की सूची बनाने का कहा गया है। इसमे शहरी क्षेत्र के सात सौ और ग्रामीण क्षेत्र से तीन सौ लोगों को शामिल किया जाएगा। सूची बनने के बाद पार्टी इनसे संपर्क भी करेगी। ये वो लोग होंगे जो पार्टी से सीधे जुड़े हुए नहीं हैं और न ही इनका राजनीति से सीधे तौर पर लेना-देना है।

 गणमान्य लोगों से मिलेंगे पार्टी के नेता

जानकारी के मुताबिक सूची बनाने के बाद पार्टी  अपने चालीस नेताओं को इन एक हजार गणमान्य लोगों से संपर्क करने का कहेगी। ये नेता गणमान्य जन को पार्टी के रीति-नीति के बारे में बताएंगे। उनसे मशविरा और मार्गदर्शन भी लेंगे। एक नेता को 25 लोगों से मिलने का लक्ष्य दिया जाएगा। ये मुलाकात महाजनसंपर्क अभियान खत्म होने के बाद शुरू होगी। गणमान्य लोगों को पार्टी के आयोजनों और बैठकों में भी बुलाया जाएगा। सूत्रों के मुताबिका पार्टी प्रदेश में 51 प्रतिशत वोट हासिल करने के लक्ष्य पर काम कर रही है इसी के तहत अब वो ऐसे लोगों से भी मिलना और उन्हें जोड़ना चाहती है जिनका राजनीति या भाजपा से सीधा लेना-देना नहीं है। इन लोगों में खासकर सामाजिक कार्यकर्ता या नेतृत्वकर्ता, नामचीन खिलाड़ी, कलाकार, समाज या जाति में अपना प्रभाव रखने वालों सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख लोगों को शामिल किया जाएगा। इन लोगों से मिलने के बाद पार्टी इनसे जुड़े अन्य लोगों तक पहुँचने की कोशिश भी करेगी।

एप पर बताना होगा, किससे मिले

संगठन ने हर जिले की टीम को स्पष्ट हिदायत दी है कि इस अभियान को हल्के में कतई न लिया जाए। हर जिले पर संगठन के वरिष्ठ लोग निगरानी करेंगे और फीडबेक भी लेंगे। पार्टी के नेता किन लोगों से मिले इसका सारा हिसाब संगठन के नमो एप पर लोड करना होगा।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button