निकाय चुनाव के नतीजे: सत्ता के सेमीफाइनल में कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, भाजपा हुई गदगद
भोपाल। मध्यप्रदेश में 27 सितंबर को 46 नगरीय निकायों में हुए चुनाव के नतीजे कल शुक्रवार को आ गए हैं। आए नतीजों में जहां जनता ने एक बार फिर भाजपा पर विश्वास जताया है, तो वहीं कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दरअसल 17 नगर पालिका में 11 पर भाजपा ने कब्जा किया है, जबकि कांग्रेस को सिर्फ 4 पर ही संतोष करना पड़ा है, जबकि एक बराबरी और एक पर निर्दलीय का बहुमत है।
वहीं 29 नगर परिषद की 18 सीटें भी भाजपा के खाते में गई हैं, जबकि कांग्रेस सिर्फ 6 पर ही जीत दर्ज कर पाई है। इसके अलावा नगरीय निकाय में 814 वार्डों के लिए हुए चुनाव में भाजपा 417, कांग्रेस 250, निर्दलीय 131, आम आदमी पार्टी (आप) 07, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) 07, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 03 स्थानों पर विजयी रही। राज्य चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि 46 नगर निकायों के चुनाव के लिए कुल 3,397 उम्मीदवार मैदान में थे, जिसमें 17 नगर पालिका और 29 नगर परिषद शामिल हैं।
यह नतीजे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका
बता दें कि मध्यप्रदेश में अगले साल विधानसा चुनाव होने वाला है और इस चुनाव को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। लेकिन 46 नगरीय निकाय के आए नतीजे जहां कांग्रेस के लिए बड़े झटके के रूप में दिखाई दे रहे हैं, वहीं यह नतीजे सत्तारूढ भाजपा का मनोबल बढ़ाने वाले हैं। खास बात यह है कि 46 नगरीय निकाय में अधिकतर सीटें आदिवासी क्षेत्र की थी। यहां पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंतिम समय में बहुत जोर लगाया। इन क्षेत्रों में बीजेपी को फायदा मिला है।
नाथ के गढ़ में कांग्रेस की बड़ी हार
बीजेपी ने कांग्रेस के गढ़ छिंदवाड़ा में छह में से चार निकाय जीते हैं। रतलाम के सैलाना में कांग्रेस ने अपना गढ़ बचा लिया है। सैलाना नगर परिषद पर फिर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। यहां कांग्रेस के 9 पार्षद जीते हैं, जबकि भाजपा को सिर्फ 4 वार्ड में जीत मिली है। यहां दो निर्दलीय उम्मीदार भी जीते। मंत्री विजय शाह के क्षेत्र हरसूद नगर परिषद में बीजेपी हार गई है। यहां बीजेपी के सिर्फ दो पार्षद जीते। 11 पर कांग्रेस और दो निर्दलीय पार्षद जीते है।
नाथ ने लगाया यह बड़ा आरोप
नगरीय निकाय चुनाव के आए नतीजों के बाद पीसीसी चीफ कमलनाथ का भी बयान सामने आया है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने नगरीय निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा ने पुलिस, प्रशासन व सत्ता का दुरुपयोग कर यह चुनाव जीता है। हालांकि 46 नगरीय निकाय चुनाव के परिणामों में कांग्रेस समर्थित विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनायें। भाजपा सरकार ने पुलिस ,पैसे व प्रशासन का उपयोग कर, सत्ता का जमकर दुरुपयोग किया और यह चुनाव लड़ा था।’