प्रमुख खबरें

गोवा में नई सरकार का गठन आज: PM-रक्षा मंत्री की मौजूदगी में सावंत लेंगे शपथ, 10 हजार लोग हो सकते हैं शामिल

पणजी। गोवा विधानसभा चुनाव में भाजपा को 20 सीट पर जीत दिलाने वाले तीन बार के विधायक प्रमोद सावंत आज सोमवार को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में सुबह 11 बजे होगा। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद रहेंगे। इस बात की जानकारी सरकार के एक प्रवक्ता ने दी। स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में 10,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

राज्य में शपथ ग्रहण समारोह का प्रसारण विभिन्न समाचार चैनलों के माध्यम से भी किया जाएगा। हालांकि, भाजपा सोमवार को शपथ लेने वाले अन्य कैबिनेट मंत्रियों की संख्या को लेकर अब तक खामोश रही है। वहीं जब इस बारे में प्रमोद सावंत से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस बारे में आज 11 बजे पता चल जाएगा। अभी, मुझे नहीं पता कि कितने मंत्री शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री के अलावा, गोवा कैबिनेट में 11 और मंत्री हो सकते हैं।





यह दूसरी बार होगा जब गोवा के मुख्यमंत्री राजभवन परिसर के बाहर शपथ लेंगे। मनोहर पर्रिकर ने 2012 में राज्य की राजधानी पणजी के कैंपल मैदान में मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, उस वक्त भाजपा सदन में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। अधिकारियों ने पहले बताया था कि राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई ने 29 मार्च से नयी विधानसभा का दो दिवसीय सत्र बुलाया है, इस दौरान सावंत को विश्वास मत हासिल करना होगा।

वहीं कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्ष ने विधायक अलेक्सो सिकेरा को अध्यक्ष पद के लिए नामित किया है। बता दें कि हाल में संपन्न राज्य के चुनाव में भाजपा ने 20 सीटों पर जीत हासिल की, जो 40 सदस्यीय सदन में बहुमत से एक कम है। तीन निर्दलीय विधायकों और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों ने भाजपा को समर्थन दिया है।

सावंत (48) उत्तरी गोवा के सांखालिम से विधायक हैं। 2017 में जब मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई तो उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने पर्रिकर के निधन के बाद मार्च 2019 में पहली बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। सावंत पेशे से एक आयुर्वेद चिकित्सक हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button