इस दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देने वाले की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने फ्रैंक जेम्स की तस्वीर जारी करते हुए उसकी उम्र 62 साल के करीब बताई है। हालांकि, अभी यह निश्चित नहीं हुआ है कि, यही हमलावर है या नहीं।
न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के ब्रूकलिन सबवे मेट्रो स्टेशन में हुई अधाधुंध फायरिंग में एक बार अमेरिका फिर दहल उठा है। गोलीबारी में 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई। सूत्रों के मुताबिक, दस से अधिक लोगों को गोली लगी है। इस दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देने वाले की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने फ्रैंक जेम्स की तस्वीर जारी करते हुए उसकी उम्र 62 साल के करीब बताई है। हालांकि, अभी यह निश्चित नहीं हुआ है कि, यही हमलावर है या नहीं।
इस हमले में स्मोक बम का भी इस्तेमाल किया गया था। गोलीबारी के बाद अचानक से मेट्रो स्टेशन पर धुआं ही धुआं हो गया, जिससे बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान हमलावर को गैस मास्क पहने हुए देखा गया, वह नारंगी रंग के कपड़े भी पहने था। हमला करके वह मौके से फरार हो गया। जिस समय यह हमला हुआ, तब कोई पुलिसकर्मी मेट्रो स्टेशन पर मौजूद नहीं था। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने पूरी घटना को अकेले ही अंजाम दिया।
बाइडेन हर पल की ले रहे जानकारी
आरोपी ब्रुकलिन के सनसेट पार्क में आज सुबह हुई घटना के लिए वांटेड है। पुलिस ने शख्स की जानकारी मिलते ही सूचना देने की अपील की है। इसके लिए 50 हजार डॉलर का ईनाम भी रखा गया है। राष्ट्रपति जो बाइडेन लगातार घटना की जानकारी ले रहे हैं। न्यूयॉर्क सिटी अग्निशमन विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि दमकल कर्मियों को सनसेट पार्क के पास 36 स्ट्रीट स्टेशन से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। कुछ बिना फटे बम बरामद हुए हैं।
शुरूआती जांच से पता चला है कि संदिग्ध निर्माण कार्य से जुड़े ड्रेस में था। वहीं, घटनास्थल की तस्वीर में स्टेशन के फर्श पर खून से लथपथ लोग दिखाई दे रहे हैं। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, फायरिंग करने वाला शख्स कुछ छोटे बम लेकर स्टेशन में घुसा था। उसके हाथ में गन भी थी। इलाका सील कर हमलावर की तलाश की जा रही है।
33 राउंड फायर किए
न्यूयॉर्क पुलिस ने बताया कि, हमलावर ने मेट्रो स्टेशन पर 33 राउंड फायर किए। इसमें 10 लोगों को सीधे गोली लगी। पुलिस ने संदिग्ध की फोटो जारी कर कहा है कि, इसके बारे में कोई भी जानकारी 800-577-टीआईपीएस पर उपलब्ध कराएं।