चीन में कोरोना ने तोड़े अब तक के सारे रिकॉर्ड: एक दिन में मिले 20,472 नए मरीज, संघाई के हाल सबसे खराब

शंघाई। चीन में आए दिन कोरोना से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। यहीं नहीं हर दिन कोरोना आंकड़ों के नए रिकॉर्ड भी बनते जा रहे हैं। चीन में जहां कल 16 हजार 412 नए मामले मिले थे। वहीं यह आंकड़ा आज बढ़कर 20 हजार के पार के पहुंच गया है। चीनी स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों की मानें तो बुधवार को 20,472 नए मरीज मिले हैं, जो अब तक का रिकॉर्ड है। हालां कि राहत की बात यह रही की इस दौरान एक भी मरीज की मौत नहीं हुई। चीन में सबसे ज्यादा हालात खराब संघाई के हैं।
शंघाई में लॉकडाउन के बावजूद मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे चिंता बढ़ गई है। शंघाई में क्वारंटाइन सेंटर पर कोविड पॉजिटिव मरीजों की भारी भीड़ है। कोविड-पॉजिटिव शिशुओं और बच्चों को माता-पिता से अलग किया जा रहा है। इस नीति ने पीड़ित परिवारों की चिंता और बढ़ा दी है।
आपको बता दें कि मार्च तक चीन ने लॉकडाउन, ग्रुप टेस्टिंग और अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर सख्त प्रतिबंधों के साथ दैनिक मामलों को कंट्रोल कर रखा था। लेकिन हाल के हफ्तों में इसमें बेतहाशा वृद्धि देखने को मिली है। अधिकारियों ने बुधवार को कहा कि चीन के सबसे बड़े शहर शंघाई का कोरोना के राष्ट्रीय आंकड़ों में 80 प्रतिशत से अधिक हिस्सा है। शंघाई के एक शीर्ष अधिकारी ने माना है कि इससे निपटने के लिए अपर्याप्त तैयारी थी।
सीसीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, शंघाई में बुधवार को पूरी आबादी पर नए सिरे से टेस्टिंग की जाएगी। भोजन की कमी और लॉकडाउन के कारण निवासियों में गुस्सा बढ़ रहा है। आपको बता दें कि 2019 के अंत में चीन के वुहान में पहली बार कोरोना वायरस का पता चला था। यह महामारी यहां से पूरी दुनिया में फैल गई। अमेरिकी राष्ट्रपति ने तो इसे चीनी वायरस करार दिया था।