केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को देश में पिछले 24 घंटों में 3,688 नए पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से अकेले दिल्ली में 1,607 नए मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में कल दो लोगों की मौत भी इस महामारी के कारण हो गई।
नई दिल्ली। देश में कोरोना के दैनिक मामलों में बीते कुछ दिनों से लगातार इजाफा होता रहा है। हर दिन बढ़ते मामलों के कारण चौथी लहर की आहट भी दिखाई देने लगी है। जिसके कारण आम लोगों से लेकर सरकारों तक की टेंशन बढ़ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को देश में पिछले 24 घंटों में 3,688 नए पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से अकेले दिल्ली में 1,607 नए मामलों की पुष्टि हुई है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में कल दो लोगों की मौत भी इस महामारी के कारण हो गई। यहां संक्रमण दर भी पांच फीसदी के स्तर को पार कर चुकी है।
इससे पहले कल शुक्रवार को 3377 नए संक्रमित मिले थे, यानी कल की तुलना में आज 311 मरीज ज्यादा मिले हैं। वहीं सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 18,684 हो हो गई है। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को इनमें 883 की बढ़ोतरी हुई है। बीते 24 घंटे में 50 और मौतों के साथ देश में अब तक कुल मौतों का आंकड़ा भी बढ़कर 5,23,803 हो गया है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पाते हैं कि बीते कुछ दिनों से नए संक्रमितों, सक्रिय केसों व मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि, शुक्रवार की 60 मौतों की तुलना में शनिवार को मौत का आंकड़ा 50 रहा है।
भारत में एक्टिव मामले वर्तमान में 0.04 प्रतिशत पर 18,684 है। साथ ही रिकवरी रेट वर्तमान में 98.74 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में कुल 2,755 ठीक हुए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 4,25,33,377 लोगों ने इस महामारी को मात दे दी है। भारत में दैनिक पॉजिटिवीटी रेट 0.74 प्रतिशत है जबकि साप्ताहिक दर 0.66 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में 4,96,640 सैंपल की जांच की गई है।
राजधानी में संक्रमण दर 5 प्रतिशत के पार
राजधानी में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 1607 मामले सामने आए, वहीं दो लोगों की मौत भी हो गई। इन मामलों के साथ ही दिल्ली की संक्रमण दर पांच प्रतिशत से ऊपर जा चुकी है। आज जारी बुलेटिन के अनुसार दिल्ली की वर्तमान संक्रमण दर 5.28 फीसदी है और 1246 लोग ठीक भी हो गए। मालूम हो कि इस दौरान 30459 टेस्ट किए गए थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी 29 अप्रैल की बुलेटिन के अनुसार इस वक्त दिल्ली में 3863 लोग होम आईसोलेशन और 139 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।
महाराष्ट्र में कोविड-19 के 148 नये मामले, दो मरीजों की मौत
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 148 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 78,77,577 हो गयी, जबकि दो मरीजों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 1,47,842 हो गयी। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी। इससे पहले बृहस्पतिवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण के 165 नये मामले सामने आए थे और दो मरीजों की मौत हुई थी। महाराष्ट्र में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 979 हो गयी है।