फिर बढ़ रहा खतरा: देश में एक दिन में 44,643 नए कोरोना मरीज, 464 की गई जान

नई दिल्ली। भारत (India) में कोरोना (Corona) का खतरा एक बार फिर बढ़ने लगा है। आज लागातार चोथे दिन 40 हजार से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज मिले है। हालांकि हर दिन मिल रहे मरीजों में आधे से ज्यादा अकेले केरल (Kerala) और महाराष्ट्र (Maharashtra) से आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग (health Department) जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटे में 44,643 नए मरीज मिले है, जबकि 464 संक्रमितों की मौत हुई है और 41096 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं।
देश में अब भी एक्टिव मरीजों की संख्या 4,14,159 है। बता दें कि गुरुवार को 45,001 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह आंकड़ा 7 जुलाई के बाद सबसे ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.14 लाख है। देश में रिकवरी रेट (recovery rate) 97.36 प्रतिशत के करीब है। अभी तक भारत में कुल 3,10,15,844 मरीज या तो स्वस्थ हो चुके हैं या फिर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। वहीं, अब तक देश में कुल 49 करोड़ लोगों को वैक्सीन दी जा चुकी है। गुरुवार तक 49,53,27,595 लोगों को टीका लगाया जा चुका है।
हालांकि, एक्टिव केस जरूर राज्य सरकारों के साथ-साथ केंद्र की चिंता बढ़ाने वाली है। फिलहाल देश में 4,14,159 एक्टिव केस हैं, जो कि करीब 1.30 प्रतिशत है। बीते 11 दिनों के आंकड़ों पर अगर गौर करें तो 2.72 प्रतिशत की दर से मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
केरल में बढ़ रहे केस
गुरुवार को सबसे ज्यादा 22,040 मामले केरल में आए। वहीं, सबसे ज्यादा 120 मौतें महाराष्ट्र में हुईं। महाराष्ट्र में नए केस में अचानक बढ़ोतरी देखी गई है। यहां 9,026 केस आए। इससे पहले 20 जुलाई को 9,389 मरीज मिले थे। केरल में गुरुवार को 22,040 लोग संक्रमित पाए गए। 19,478 लोग ठीक हुए और 117 लोगों की मौत हो गई। यहां अब तक 34.93 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 32.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 17,328 लोगों की मौत हुई है।
इन राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। हालांकि, 23 राज्यों में आंशिक लॉकडाउन लागू है।