चार दिन बाद थोड़ी राहत: बीते एक दिन में मिले 38,628 नए कोरोना मरीज, 40,017 ने संक्रमण को हराया

नई दिल्ली। भारत (India) में कोरोना (Corona) के मामलों में आज चार दिन बाद थोड़ी राहत देखने को मिली है। आज देश में चालीस हजार से कम मरीज मिले जो पिछले चार दिनों से 45 हजार के आसपास मिल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग (health Department) के आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में 38,628 नए मरीज मिले हैं, जबकि 617 मरीजों की मौत हुई है। देश के लिए राहत की यह भी बात है कि आज नए मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या रही। आज देश भर में 40,017 मरीज कोरोना को मात देकर अपने घरों को गए हैं।
देश में आज मिले संक्रमितों के बाद अब सक्रिय मरीजों की संख्या 4,12,153 पर पहुंच गई है। जबकि अब तक 4,27,371 हो गई है और अब तक कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या 3,10,55,861 हो गई है। भारत में पिछले कुछ दिनों में लगातार बढ़े कोरोना मामलों के बाद एक बार फिर कोविड रिकवरी रेट (covid recovery rate) में इजाफा देखने को मिल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दैनिक संक्रमण दर 2.21 प्रतिशत दर्ज की गई है। जो पिछले 12 दिनों से तीन प्रतिशत से कम रही है। वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 2.39 प्रतिशत है।
कल मिले थे 44,643 नए संक्रमित
बात करें कल शुक्रवार की तो 24 घंटे में कोरोना के 44,643 नए मामले आए थे। इस दौरान देश में 41, 096 लोग स्वस्थ हुए थे। वहीं, पिछले 24 घंटों 464 लोगों की मौत हुई थी। जिसके बाद देश में कुल मृतकों की संख्या 4,26,754 हो गई। वहीं गुरुवार को बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 42,982 नए मामले सामने आए थे और 41,726 संक्रमितों ने इस बीमारी को मात दी थी। इस दौरान 533 लोगों की जान चली गई थी।
आठ राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 8 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन (complete lockdown) जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं। हालांकि, 23 राज्यों में आंशिक लॉकडाउन लागू है।
कोरोना टीकाकरण में भारत की नई उपलब्धि
भारत में कोरोना वैक्सीनेशन (corona vaccination) का आंकड़ा 50 करोड़ के पार पहुंचने पर केंद्र सरकार ने खुशी जताई है। इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ. भारती प्रवीण पवार (Dr. Bharti Praveen Pawar) ने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश में वैक्सीन की 50 करोड़ से अधिक खुराक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है कि टीके सभी लोगों तक पहुंचे और इस जानलेवा महामारी से छुटकारा मिले। इस दौरान उन्होंने मीडिया को भी धन्यवाद दिया और कहा कि इस अभियान में आपने जो भूमिका निभाई वह प्रशंसनीय है।