कोरोना के डरा रहे आंकड़े: एक दिन में 62,276 नए मामले, सचिन तेंदुलकर भी आए संक्रमण की चपेट में

नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण का कहर देश में लगातार बढ़ता ही जा रहा है। संक्रमण की दूसरी लहर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। इसी बीच पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में बाकी सभी रिपोर्ट निगेटिव आई है। सचिन फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं। वहीं, देश में कोरोना के आंकड़े डराने वाली दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को 62,276 नए मरीज मिले। 30,341 ठीक हुए और 292 की मौत हो गई। सबसे ज्यादा खराब हालात महाराष्ट्र के हैं। यहां एक ही दिन में 36,902 संक्रमित मिले हैं। यह आंकड़ा 11 सितंबर को आए पहले पीक से भी डेढ़ा गुना है। तब यहां 24,886 केस आए थे।
कोरोना वायरस को काबू करने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के एक साल बाद भी हालात भयावह हैं। सक्रिय मामले लगातार बढ़ रहे हैं और मौतों का आंकड़ा भी एक बार फिर रफ्तार पकड़ रहा है। महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात में कोरोना के मामले तेजी से बढ़े हैं और इन्हीं राज्यों में मौतों का आंकड़ा भी बढ़ रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के रिकॉर्ड 62,258 नए मामले दर्ज किए गए हैं। देश में कई महीनों बाद शनिवार को कोरोना मरीजों की यह संख्या सर्वाधिक है। इसी के साथ देश में संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1,19,08,910 पहुंच गए हैं। वहीं पिछले 24 घंटे में इस जानलेवा संक्रमण से 291 लोगों की जान गई है, इसी के साथ मरने वालों की संख्या 1,61,240 पहुंच गई है।
देश में तेजी से बढ़े सक्रिय मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 30,386 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसी के साथ देश में अब तक 1,12,95,023 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में सफल रहे हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या आधी से भी कम हो गई है। बता दें कि 15 फरवरी के बाद कोरोना के सक्रिय मामलों में भारी बढ़ोतरी हुई है, इसी के साथ सक्रिय मामले 4,52,647 पहुंच गए हैं।
महाराष्ट्र: एक दिन में मिले सबसे अधिक मरीज
महाराष्ट्र में शुक्रवार को 36,902 नए मरीज मिले। राज्य में 17,019 ठीक हुए, जबकि 112 की मौत हुई। राज्य में बीते दिन में मिले मरीजों का आंकड़ा महामारी की शुरूआत से अब तक एक दिन में मिलने वाले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 26 मार्च को यहां 35,952 केस आए थे। राज्य में अब तक 26.37 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 23 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 53,907 की मौत हुई है। यहां फिलहाल 2.82 लाख लोगों का इलाज चल रहा है।