हरियाणा। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर में जहां एनसी और कांग्रेस को गठबंधन को बहुमत मिला है। वहीं हरियाणा में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। हरियाणा में 48 सीटों के साथ भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज की है। यहीं नहीं राज्य में ऐसा करने वाली वह पहली पार्टी भी बन गई है। यहां पर बता दें कि शुरुआती रुझानों में करीब 9 बजे कांग्रेस जहां 65 सीटों पर चल रही थी। वहीं भाजपा सिर्फ 17 सीटों पर सिमटती दिखाई दे रही थी, लेकिन आधे घंटे के बाद ही पूरी पिक्चर बदल गई और भाजपा हरियाणा की सत्ता पर एक बार फिर काबिज हो गई।
उधर, कांग्रेस ने 37 सीटें जीती हैं। इसे भी इस चुनाव में 6 सीटों का फायदा हुआ है। मुख्यमंत्री नायब सैनी लाडवा और कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा गढ़ी-सांपला सीट से जीत गए हैं। चौंकाने वाली बात यह भी है कि करीब 13 एग्जिट पोल्स में भी कांग्रेस सरकार बनती दिख रही थी, लेकिन यह सारे अनुमान गलत साबित हो गए। हरियाणा में भाजपा को मिली प्रचंड जीत पर भाजपा में खुशी की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम नायब सिंह सैनी को फोन किया और जीत पर बधाई दी। वहीं पीएम ने हरियाणा की जनता और कार्यकर्ताओं को भी जीत की बधाई दी है।
हरियाणा का ह्रदय से आभार
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया हरियाणा का हृदय से आभार। भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर स्पष्ट बहुमत देने के लिए मैं हरियाणा की जनशक्ति को नमन करता हूं। यह विकास और सुशासन की राजनीति की जीत है। मैं यहां के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि उनकी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने लिखा कि इस महाविजय के लिए अथक परिश्रम और पूरे समर्पण भाव से काम करने वाले अपने सभी कार्यकर्ता साथियों को भी मेरी बहुत-बहुत बधाई! आपने ना केवल राज्य की जनता-जनार्दन की भरपूर सेवा की है, बल्कि विकास के हमारे एजेंडे को भी उन तक पहुंचाया है। इसी का नतीजा है कि भाजपा को हरियाणा में यह ऐतिहासिक जीत हासिल हुई है।
जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रदर्शन पर बोले पीएम- हमें गर्व है
जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि जम्मू-कश्मीर के चुनाव बेहद खास रहे। अनुच्छेद 370 और आर्टिकल 35 ए हटने के बाद पहली बार चुनाव हुए थे। इसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इससे साफ है कि लोगों का लोकतंत्र में विश्वास कायम है। मैं इसके लिए जम्मू-कश्मीर के प्रत्येक व्यक्ति को बधाई देता हूं। मुझे जम्मू-कश्मीर में भाजपा के प्रदर्शन पर गर्व है। मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने हमारी पार्टी को वोट दिया और हम पर भरोसा जताया। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हम जम्मू-कश्मीर के कल्याण के लिए काम करते रहेंगे। मैं हमारे कार्यकतार्ओं के मेहनती प्रयासों की भी सराहना करता हूं। मैं जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों में सराहनीय प्रदर्शन के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस को बधाई देता हूं।
डेढ़ घंटे में रुझान कांग्रेस के हाथ से निकले
बता दें कि हरियाणा में मतगणना सुबह 8 बजे शुरू हुई। रुझान आते ही कांग्रेस ने बढ़त बना ली थी और कुछ देर तक एक तरफा जीत की ओर थी। पार्टी ने 65 सीटों को छू लिया था। भाजपा कम होकर 17 सीटों पर आ गई थी। लेकिन 9:30 बजे भाजपा टक्कर में आई और दोनों पार्टियों में दो सीटों का अंतर रह गया। सुबह 9:44 बजे एक समय ऐसा भी आया जब दोनों पार्टी 43-43 सीटों पर आ गईं। इसके बाद भाजपा 51 सीटों तक पहुंच गई। करीब 11 बजे से भाजपा की सीटें 47 से 51 के बीच बनी हुई हैं। हरियाणा में इस बार 67.90% वोटिंग हुई थी। पिछले चुनाव में 68.20% वोटिंग हुई थी।