कांग्रेस की राजनीति का मूल मंत्र, भ्रम फैलाओ और राजनीति चमकाओ: ओबीसी आरक्षण के मामले में नरोत्तम का हमला

भोपाल। पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण पर कांग्रेस द्वारा की जा रही राजनीति पर मध्यप्रदेश के गृह मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का मूल मंत्र ही भ्रम,वहमऔर झूठ फैलाना है। कांग्रेस भ्रम फैला कर राजनीति चमकाने का प्रयास कर रही है। जनता सब समझती है वह कांग्रेस के भ्रम-जाल में फंसने वाली नही है।
मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस समाज मे भ्रम फैलाने का कोई मौका नही छोड़ती है। यही कारण है कि अब ओबीसी वर्ग में आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने में जुट गई है।यह वही कांग्रेस है जिसने खुद की सरकार होते हुए आरक्षण मामले में न्यायालय में ओबीसी वर्ग का पक्ष गंभीरता से नही रखा। कांग्रेस की लापरवाही से न्यायिक प्रक्रियाओं में मामला अटका हुआ है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि दरअसल कांग्रेस की पूरी राजनीति ही भ्रम ,वहम और झूठ पर केंद्रित है। अपने चुनावी घोषणा पत्र में झूठ बोलते है। जब इस झूठ पर सवाल उठते है तो भ्रम व वहम फैला देते है। यह वही कांग्रेस है जो घोषणा पत्र में किसानों का दो लाख का कर्जा माफ करने की बात करती है लेकिन इस झूठ पर सवाल उठता है तो किसानों में भ्रम फैला कर नया झूठ परोस देती है। यह वही कांग्रेस है जो बेरोजगारों के बेरोजगारी भत्ता देने का वायदा करती है लेकिन एक को भी नही देती।
जब सवाल उठता है तो बेरोजगारों को भ्रमित कर पूरा दोष हमारी सरकार पर डाल देती है। ऐसे न जाने कितने उदाहरण है। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस अपनी राजनीति चमकाने व समाज मे वैमनष्यता फैलाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। कांग्रेस की यह साजिश सफल नही होने वाली है क्योंकि प्रदेश ही नही देश की जनता भी कांग्रेस का चाल ,चरित्र अच्छे से जान चुकी है।