कांग्रेस नेता कह रहे हैं याचना नहीं रण होगा। पहले कहते थे कि सत्याग्रह होगा और अब रण की बात कर रहे हैं। अब न रण होगा न 'रन' होगा।' आखिर ये लोग क्या चाहते हैं। देश के कानून से इन्हें रण करने की क्या जरूरत है।
नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉंन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय का एक्शन जारी है। इसी कड़ी में ईडी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के मालिकाना हक वाले यंग इंडिया लिमिटेड के दफ्तर को सील कर दिया है। ईडी के इस एक्शन के बाद भड़की कांग्रेस ने भाजपा को आड़े हाथों लिया था और कहा था कि अब याचना नहीं रण होगा। कांग्रेस के इस बयान पर अब गुरुवार को भाजपा ने पलटवार किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि ‘कांग्रेस नेता कह रहे हैं याचना नहीं रण होगा। पहले कहते थे कि सत्याग्रह होगा और अब रण की बात कर रहे हैं। अब न रण होगा न ‘रन’ होगा।’ आखिर ये लोग क्या चाहते हैं। देश के कानून से इन्हें रण करने की क्या जरूरत है। उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछता हूं कि यदि आप इतने पाक-साफ थे तो फिर 2010 में आपने क्यों नहीं बतया कि आप यंग इंडिया के डायरेक्टर हैं। पात्रा ने कहा कि हम तो कहते हैं कि भ्रष्टाचारियों से न रण होगा और न रन होगा। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में रन का अर्थ भागना होता है और हम इस मसले पर कांग्रेस को भागने नहीं देंगे।
कांग्रेस का एक परिवार अपने को मानता है कानून से ऊपर
भाजपा नेता ने कहा कि देश का कानून तो सबके लिए समान है, लेकिन कांग्रेस एक परिवार को इससे ऊपर मानती है। परिवार को बचाने के लिए पूरी कांग्रेस सड़क पर उतरने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कानून से भाग नहीं सकती है। यह कैसी कांग्रेस है, जो भ्रष्टाचार भी करना चाहती है और रण भी कर रही है। कांग्रेस की ओर से आतंकियों जैसा बर्ताव करने के आरोपों पर भी संबित पात्रा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ आतंकियों जैसा नहीं बल्कि भ्रष्टाचारियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।
विरोधियों को खत्म करने की कोशिश में भाजपा: खड़गे
पात्रा ने सवाल किया कि कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के दफ्तर पहुंचे तो ईडी की कार्रवाई रुकवाने नेशनल हेराल्ड के दफ्तर क्यों नहीं पहुंचे? कांग्रेस यह कार्रवाई रुकवाने कोर्ट क्यों नहीं गई? पात्रा ने कहा कि वह इसीलिए नहीं गई क्योंकि वह जानती है कि कोर्ट कहेगी कि कार्रवाई नियम के अनुसार हो रही है। वहीं यंग इंडिया का दफ्तर सील होने पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वहीं दफ्तर सील होने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ईडी की जो प्रक्रिया है, वह कर रही है। यह पूरा मामला राजनीतिक बदले का है। इसलिए हम इस पर बार-बार कुछ कहना नहीं चाहते। यदि सरकार चाहती है कि वह ऐसी चीजों में शामिल न हो तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। भाजपा के विरोधी दलों को वो लोग खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।