कमलनाथ सरकार गिरने का एक साल पूरा: सीएम ने सिंधिया समर्थकों के साथ किया लंच, कांग्रेस ने मनाया लोकतंत्र सम्मान दिवस

भोपाल। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के सत्ता से हटने का शनिवार को एक साल पूरा हो गया। इस मौके पर जहां भाजपा नेताओं ने ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के नेताओं और मंत्रियों के साथ लंच किया, वहीं कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर रैली निकालकर लोकतंत्र सम्मान दिवस मनाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर हुए लंच में करीब 100 नेता पहुंचे।
इससे पहले करीब एक घंटे सिंधिया और शिवराज की गोपनीय चर्चा हुई। इसे नगरीय निकाय चुनाव और सिंधिया खेमे के मंत्रियों के कामकाज से जोड़कर देखा जा रहा है। इस बीच सिंधिया ने सौ-सौ चूहे वाला बयान दिया, जिस पर दिग्विजय सिंह ने पलटवार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- सिंधिया के कारण ही भाजपा की सरकार बनी। उन्होंने मप्र को भ्रष्टाचार और अत्याचार से बचाया। सिंधिया के सहयोग के कारण ही कांग्रेस सरकार का पतन हुआ।
प्रदेश को माफिया ने जकड़ा : कमलनाथ
पीसीसी में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का संदेश वीडियो के जरिए दिखाया गया। नाथ ने कहा- आज प्रदेश की स्थिति जनता के सामने है, माफियाओं ने राज्य को जकड़ लिया है, जनता परेशान है। भाजपा सरकार को जनता से लेना-देना नहीं है। कांग्रेस सरकार फिर बनी तो हर वादा पूरा करेंगे।
कांग्रेस ने प्रदेश को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था
सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस ने 15 महीने में प्रदेश को भ्रष्टाचार का अड्?डा बना दिया था। मैने उस सरकार को उखाड़ फेंका। आज पूरे देश और प्रदेश में कांग्रेस हाशिए पर खड़ी है। सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।
भाजपा के लोग पैसे देकर सभी को खरीद रहे हैं
पीसीसी में दिग्विजय ने कहा- भाजपा लोकतंत्र की हिमायती नहीं रही। वो पैसे से सभी को खरीद रही है। इनके रहते एक दिन ऐसा आयेगा कि गरीब, मध्यम वर्ग के लोग चुनाव लड़ ही नहीं पाएंगे। सिंधिया जी बताएं, जब वे कांग्रेस में थे तो उन्होंने कितने चूहे खाए?