इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड 2022: इंदौर को सबसे स्मार्ट शहर और मप्र को मिला बेस्ट स्टेट का अवार्ड, क्लाईमेट चेंज पर राष्ट्रपति ने जताई चिंता

भोपाल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश आई हुई हैं। वे इंदौर में आयोजित समारोह में इंडिया स्मार्ट सिटी अवार्ड 2022 में शामिल हुईं। मुर्मू ने इंदौर को देश के सबसे स्मार्ट शहर और एमपी को बेस्ट स्टेट का अवार्ड सौंपा। इसके अलावा उन्होंने कॉफ्रेंस में 66 शहरों को अलग-अलग कैटेगरी में अवार्ड दिए गए। सबसे ज्यादा छह अवार्ड इंदौर को मिले। ब्रलियंट कन्वेंशन सेंटर में राज्यपाल मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की मौजूदगी में मध्य प्रदेश के बेस्ट स्टेट और इंदौर को बेस्ट स्मार्ट सिटी का अवार्ड दिया गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि शहर में सीसीटीवी सर्विलांस से सुरक्षा मजबूत हो रही है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा पर और ध्यान देने की जरुरत है। राष्ट्रपति ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की शहरी आबादी 87 करोड़ हो जाएगी। आज देश की जीडीपी में दो तिहाई हिस्सा 100 स्मार्ट शहरों का है। 2047 तक यह 80 प्रतिशत तक हो जाएगा। इन आंकड़ों से यह संदेश मिलता है कि शहरों और नगरवासियों की बढ़ती आकांक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर भविष्य का रोडमेप तैयार करना है और उस पर आगे बढ़ना है।
स्वच्छता में अपनी विशेष पहचान बनाए रखा है इंदौर ने
जलवायु परिवर्तन पर अपनी चिंता जाहिर करते हुये उन्होने स्मार्ट शहरों में किये जा रहे कार्यों को सकारात्मक पहल बताया। इस दिशा में और टिकाऊ विकास पर और अधिक काम किये जाने की जरूरत है। शहरी विकास में समग्र निवेश पिछले दशकों में दोगुना से अधिक हुआ है। स्मार्ट सिटी मिशन का इसमें बड़ा योगदान है। मुर्मु ने कहा कि इन्दौर ने भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपना विशिष्ट स्थान बनाए रखा है। इंदौर देश की स्मार्ट सिटीज में भी सबसे ऊपर है। उन्होंने इंदौर के निवासियों, जन-प्रतिनिधियों, प्रशासन के अधिकारियों, केन्द्र सरकार के सम्बद्ध विभागों तथा अन्य सभी स्टेक होल्डर्स की सराहना की।
राष्ट्रपति ने 66 पुरस्कार विजेता स्मार्ट शहरों को दी बधाई
राष्ट्रपति ने इंडिया स्मार्ट सिटीस अवार्ड कॉन्टेस्ट 2022 में मध्यप्रदेश द्वारा बेस्ट स्टेट का गौरव प्राप्त करने पर राज्य के सभी निवासियों, राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उनकी पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने राज्य के सभी स्मार्ट शहरों में किए जा रहे कार्यों से जुड़े लोगों की सराहना भी की। साथ ही सर्वश्रेष्ठ केन्द्र शासित प्रदेश का पुरस्कार प्राप्त करने के लिए चंडीगढ़ और राज्यों के प्रदर्शन के आधार पर दूसरा स्थान प्राप्त करने के लिए तमिलनाडु तथा संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त करने के लिए राजस्थान और उत्तर प्रदेश को भी बधाई दी। राष्ट्रपति ने अलग-अलग श्रेणियों में 66 पुरस्कार विजेता स्मार्ट शहरों और राज्यों को भी बधाई दी।