ताज़ा ख़बर

संकट में हिमाचल की कांग्रेस सरकार: गवर्नर से मिले भाजपा नेता, जयराम बोले- नैतिकता के आधार पर सुक्खू को छोड़ देना चाहिए पद

शिमला। राज्यसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार को तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस विधायकों की क्रॉस वोटिंग से भाजपा के हर्ष महाजन राज्यसभा सदस्य चुने गए हैं। राज्यसभा चुनाव नतीजे के बाद प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। भाजपा ने राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मिलकर फ्लोर टेस्ट की मांग की है। राज्यपाल से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि सरकार ने सत्ता में रहने का मौलिक अधिकार खो दिया है। बता दें कि राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के छह विधायक ने क्रॉस बोटिंग की है, जिसकी वजह से पार्टी के उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा।

जयराम ठाकुर ने कहा, ‘पिछले कुछ समय से विधानसभा में जो घटनाक्रम चल रहा है उसकी जानकारी हमने राज्यपाल को दी है। राज्यसभा चुनाव में जो परिणाम आया, जो वर्तमान स्थिति है उसे देखें तो कांग्रेस को सत्ता में रहने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस हमारी वजह से नहीं, अपनी वजह से संकट में है।’ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को नैतिकता के आधार पर पद छोड़ देना चाहिए। हमने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की कि कटौती प्रस्ताव भी डिवीजन आॅफ वोट से होना चाहिए। जब भी फाइनेंशियल बिल पारित हो तो फ्लोर टेस्ट हो और बजट पारित करने के लिए डिवीजन आॅफ वोट होना चाहिए।

जयराम ने भाजपा विधायकों को लेकर जताई यह आशंका
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश में जो घटनाक्रम हुआ है, उसके राजनीतिक दृष्टिकोण से यह कहा जा सकता है कि राज्य सरकार सत्ता में रहने का नैतिक अधिकार खो चुकी है। हमें आशंका है कि वे भाजपा के विधायकों को विधानसभा में सस्पेंड कर सकते हैं। कल कांग्रेस के जिन विधायकों ने भाजपा को वोट दिया उन्हें नोटिस जारी हुआ है और उन्हें भी विधानसभा में सस्पेंड करने की दिशा में कदम उठाए जा सकते हैं।

अगर शर्म है तो सीएम दे दें इस्तीफा
उधर, हर्ष महाजन ने अपनी जीत के बाद कहा कि कांग्रेस की सरकार बहुमत खो चुकी है। अगर शर्म है तो सीएम को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार गिरेगी और भाजपा की सरकार बनेगी। एक हफ्ते या एक महीने के अंदर प्रदेश में कांग्रेस सरकार गिर जाएगी। महाजन ने अपनी जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को दिया।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button