ताज़ा ख़बरमध्यप्रदेश

ओडिशा की सरकार आउटसोर्स पर: नवीन पटनायक पर शिवराज का हमला, पूर्व सीएम ने राहुल पर भी किया वार

भोपाल। अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव लेकर देश का सियासी माहौल गरमाने लगा है। मध्यप्रदेश के दिग्गज भाजपा नेताओं ने चुनाव के ऐलान से पहले ही राज्यों का दौरा करना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार को ओडिशा के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। यहां के कटक में शिवराज ने 4 लोकसभा सीटों जगतसिंहपुर, कटक, जाजपुर और केंद्रपड़ा की क्लस्टर बैठक में शामिल होकर बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने इंडी गठबंधन, राहुल गांधी और ओडिशा सरकार पर जमकर हमला बोला।

शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा सरकार पर हमाल बोलते हुए कहा कि, यहां के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, अपनी सरकार को आउट्सोर्स पर दे चुके हैं। यहां सरकार, मुख्यमंत्री नहीं बल्कि उनके अधिकारी चलाते हैं। उनके बारे में वो कहावत बिल्कुल सही है कि, अजगर करे न चाकरी, पंछी करे न काम। बेलगाम अधिकारियों ने पूरे उड़ीसा को भ्रष्टाचार के दल-दल में फंसा दिया है। यहां करप्शन इतना है कि, बिना लेन-देन के कोई काम नहीं होता है। माताएं, बहनें, बेटियां यहां असुरक्षित हैं।

महिला अत्याचार में ओड़ीशा टॉप पर
पूर्व सीएम ने कहा कि महिलाओं के अत्याचार के मामले में ओडिशा को शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। ओडिसा के विकास के लिए केंद्र व प्रधानमंत्री जी की जन-कल्याणकारी योजनाओं का भी ठीक ढंग से इम्प्लीमेंट नहीं किया जा रहा है। यहां तक की पैसा नरेंद्र मोदी जी भेजते हैं और नवीन पटनायक जी अपना ठप्पा लगा देते हैं। ब्रांडिंग का काम करके खुद के नाम को चमकाने का काम करते हैं, लेकिन जनता इस सच को जान चुकी है।

राम मंदिर को लेकर यह बोलते थे कांग्रेसी
वहीं चौहान ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि, कुछ लोग देश को जात-पात में बांटना चाहते हैं। राममंदिर को लेकर भी कांग्रेसी कहते थे मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे लेकिन 22 जनवरी को आयोध्या में भव्य और दिव्य राममंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा हुई और रामलला विराजे। उन्होंने कहा कि, हमारी अर्थव्यवस्था अब दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है और मोदी जी के तीसरे कार्यकाल में हमारे देश की अर्थव्यवस्था दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। जिन अंग्रेजों ने भारत पर राज किया आज भारत ने उनको भी पीछे छोड़ दिया है।

लोकसभा चुनाव मे 400 पार का लक्ष्य
चौहान ने कहा कि, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने विकसित भारत बनाने का संकलप लिया है। आजादी के अमृतकाल में एक वैभवशाली, गौरवशाली, सम्पन्न और समृद्ध भारत का निर्माण मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है और इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए तीसरी बार मोदी सरकार बने इस काम में पूरी भारतीय जनता पार्टी जुटी हुई है। भाजपा के करोड़ां-करोड़ कार्यकर्ता जी-जान से परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहें है। चारों तरफ उत्साह का वातावरण है। मोदी जी ने इस बार लोकसभा में 400 पार का लक्ष्य रखा है, निश्चित तौर पर यह लक्ष्य भाजपा हासिल करेगी। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ में हैं, लोकसभा चुनाव भी जीतेंगे और विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत प्राप्त कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएंगे।

मोदी हैं तो मुमकिन है
पूर्व सीएम ने कहा कि, हम सब बहुत ही सौभाग्यशाली हैं कि, उस युग में पैदा हुए हैं जब देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी हैं। मोदी जी के नेतृत्व में एक शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। साल 2014 के पहले भारत का दुनिया में इतना सम्मान नहीं था, लेकिन जब से मोदी जी प्रधानमंत्री बने हैं तब से दुनिया भर में भारत माता के जयकारे लगते हैं। पहले चीन हमें डराता रहता था, लेकिन अब चीन के सैनिकों ने हमारी सीमा में घूंसने की कोशिश की तो भारतीय सेना ने उन्हें हमारी धरती से खदेड़ दिया। कश्मीर में धारा 370 समाप्त कर दी गई। तीन तलाक को समाप्त कर दिया और अब जल्द ही सीएए कानून भी लागू होगा। रूस-यूक्रेन में भारत के बच्चे फंसे थे, मोदी जी ने दोनों देशों के राष्ट्रपतियों को फोन किया और जब भारत के बच्चे वहां से तिरंगा लेकर निकले तो दोनों तरफ से युध्द थम गया।

Web Khabar

वेब खबर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button